अदाणी के शेयर 20 फीसदी तक उछले, 1.25 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई पूंजी
मुंबई-अदाणी समूह के शेयरों में मंगलवार को 20 फीसदी तक की शानदार तेजी देखी गई। पोर्ट से लेकर पावर तक, सारे शेयरों में भारी वॉल्यूम रहा। शेयरों में इस उछाल के बाद समूह का बाजार पूंजीकरण 1.20 लाख करोड़ रुपये बढ़ कर 11.29 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। हिंडनबर्ग की 24 जनवरी को आई रिपोर्ट के बाद किसी एक दिन में यह सबसे ज्यादा बढ़त है। उस समय पूंजीकरण 19.20 लाख करोड़ रुपये रहा था। उसकी तुलना में अभी भी 7.91 लाख करोड़ रुपये कम है।
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अदाणी-हिंडनबर्ग मामले में आदेश सुरक्षित रखा था। साथ ही संकेत दिया था कि सेबी को कुछ और निर्देश जारी कर सकता है। सेबी ने कोर्ट से कहा था कि उसे मामले की जांच पूरी करने के लिए और समय नहीं चाहिए। बाजार के जानकार देवेन चोकसी ने बताया कि कुछ निवेशकों ने अदालत की दलीलें पढ़ी होंगी, क्योंकि सेबी को आरोपों में कोई तथ्य नहीं मिला है। इससे शेयरों में तेजी आ सकती है।
हिंडनबर्ग ने अदाणी समूह पर लंबे समय से चल रहे शेयरों में हेरफेर और ऑडिट में धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था। हालांकि, अदाणी समूह ने बार-बार सभी आरोपों से इन्कार किया है। फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची के मुताबिक, गौतम अदाणी 57 अरब डॉलर के साथ दुनिया के अमीरों में 23वें स्थान पर है। 92 अरब डॉलर के साथ मुकेश अंबानी 15वें स्थान पर हैं।