मारुति, टाटा मोटर्स, महिंद्रा और ऑडी की गाड़ियां नए साल से होंगी महंगी
मुंबई- देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स और ऑडी की गाड़ियां नए साल से महंगी हो जाएंगी। तीनों कंपनियों ने बताया कि सभी मॉडलों की कीमतें बढ़ेंगी। महंगाई और विनिर्माण लागत बढ़ने से कंपनियों को यह कदम उठाना पड़ा है।
मारुति ने बताया कि बढ़ी हुई कीमतें एक जनवरी से लागू होंगी। कीमतें मॉडल के अनुसार बढ़ाई जाएंगी। कंपनी ने इस साल तीसरी बार कारों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। इससे पहले अप्रैल और जनवरी में कीमतें बढ़ाई थी। मारुति 3.54 लाख से लेकर 28.43 लाख रुपये तक के वाहन बेचती है।ऑडी एक जनवरी से दो फीसदी तक दाम बढ़ाएगी। परिचालन और सामग्रियों की बढ़ती लागतों के कारण ऐसा करना पड़ रहा है। कंपनी ने कहा कि कीमतें बढ़ने का असर बहुत मामूली होगा। कंपनी भारत में 42.77 लाख से 2.22 करोड़ रुपये तक के वाहन बेचती है।
टाटा मोटर्स ने सोमवार को कहा कि वह एक जनवरी से सभी मॉडलों के वाहनों की कीमतों में इजाफा करेगी। कंपनी 5.6 लाख से लेकर 25.94 लाख रुपये तक के वाहन बेचती है। इसने कहा, इलेक्ट्रिक वाहन से लेकर यात्री वाहन तक महंगे होंगे। हालांकि, कीमतें कितनी बढ़ेंगी, इसका फैसला कुछ हफ्तों बाद होगा।