ओबेरॉय के मानद चेयरमैन पीआरएस ओबेरॉय का 94 साल की उम्र में निधन 

मुंबई- ओबेरॉय ग्रुप ऑफ होटल्स के मानद चेयरमैन पृथ्वी राज सिंह ओबेरॉय का आज यानी मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 94 साल के थे। उनके निधन की जानकारी ओबेरॉय ग्रुप की ओर से दी गई है। उनकी क्रिमेशन सेरेमनी शाम 4 बजे कापसहेड़ा के ओबेरॉय फार्म में होगी। भारत में होटल बिजनेस को नई दिशा देने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। 

पृथ्वी राज सिंह ने 2002 में अपने पिता के निधन के बाद ओबेरॉय ग्रुप की कंपनी EIH लिमिटेड के चेयरमैन का पद संभाला था। वह 2013 तक EIH लिमिटेड के CEO रहे हैं। मई 2022 में ओबेरॉय ने EIH के चेयरमैन और डायरेक्टर के रूप में अपना पद छोड़ा था। 2008 में उन्हें भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। 5 मई 2008 को राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने पृथ्वी राज सिंह ओबेरॉय को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। 

पृथ्वी राज सिंह का जन्म 3 फरवरी 1929 को दिल्ली में हुआ था। उन्हें बिकी के नाम से जाना जाता था। उनके पिता राय बहुदुर मोहन सिंह ओबेरॉय ‘द ओबेरॉय ग्रुप’ के फाउंडर है। पृथ्वी राज ने भारत, ब्रिटेन और स्विट्जरलैंड में पढ़ाई की थी। साल 1959 में उनकी शादी गुड्डी से हुई थी। 

उनका एक बेटा विक्रम और एक बेटी नताशा है। नताशा शादी के बाद ऑस्ट्रेलिया में अपने परिवार के साथ रह रही हैं। पृथ्वी राज ने 2011 में घोषणा की कि उनका बेटा विक्रम ओबेरॉय साम्राज्य का उत्तराधिकारी होगा और उनके भतीजे (बड़े भाई तिलक राज के बेटे) अर्जुन ओबेरॉय होटल बिजनेस के मैनेजमेंट में मदद करेंगे। पृथ्वी राज की नेटवर्थ करीब 4 हजार करोड़ रुपए थी। 

EIH लिमिटेड (पूर्व में ईस्ट इंडिया होटल्स) और EIH एसोसिएटेड होटल्स लिमिटेड ओबेरॉय ग्रुप की दो लिस्टेड कंपनियां हैं। ग्रुप वर्तमान में ओबेरॉय होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के लक्जरी ब्रांड के तहत 20 होटल्स और ट्राइडेंट होटल्स ब्रांड के तहत दस 5 स्टार प्रॉपर्टीज का मालिक है। 

इसके अलावा ग्रुप क्लार्क्स होटल, शिमला और मेडेन्स होटल, नई दिल्ली को भी मैनेज करता है। ग्रुप के पास मिस्र में दो लक्जरी क्रूजर भी है। ओबेरॉय होटल्स एंड रिजॉर्ट भारत के अलावा इंडोनेशिया, यूएई, मॉरिशश, सऊदी अरब, इजिप्ट, मोरोक्को जैसे देशों में है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *