शिव नाडर रोजाना करते हैं 5.6 करोड़ रुपये दान, दूसरे नंबर पर अजीम प्रेमजी
मुंबई- एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रोपी लिस्ट 2023 गुरुवार को जारी की गई। इसमें HCL के को-फाउंडर शिव नाडर ने अपनी टॉप पोजीशन बरकरार रखी है। उन्होंने वित्त वर्ष 2023 में 2,042 करोड़ रुपए का दान दिया। यानी हर दिन 5.6 करोड़ रुपए उन्होंने दान किए। उनके बाद विप्रो के फाउंडर-चेयरमैन अजीम प्रेमजी हैं, जिन्होंने 1,774 करोड़ रुपए का दान दिया।
वहीं जेरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ (37) सबसे कम उम्र के दानवीर हैं। निखिल ने अपने भाई और जेरोधा के सीईओ नितिन कामथ (44) के साथ मिलकर 110 करोड़ रुपए का दान दिया। लिस्ट में 119 दानवीरों को शामिल किया गया है, जिन्होंने वित्त वर्ष 2023 में 8,445 करोड़ रुपए का दान दिया। ये पिछले साल की तुलना में 59% अधिक है।
इस लिस्ट में सात महिलाएं हैं। पहले नंबर पर रोहिणी नीलेकणी फिलैंथ्रोपीज की फाउंडर रोहिणी नीलेकणि हैं। उन्होंने 170 करोड़ रुपए का दान दिया। एक समय था जब वो अकेली इस लिस्ट में रहती थीं। रोहिणी के बाद थर्मैक्स की अनु आगा एंड फैमिली हैं, जिन्होंने 23 करोड़ रुपए का दान दिया, और USV की लीना गांधी तिवारी ने भी 23 करोड़ रुपए का दान दिया।
इस साल लिस्ट में 25 नए लोग शामिल हैं, जिनमें इंफोसिस के को-फाउंडर K दिनेश, भिलोसा इंडस्ट्रीज के रमेशचंद्र टी जैन एंड फैमिली, एक्सेल के प्रशांत प्रकाश और ज़ोहो कॉर्पोरेशन के वेम्बू राधा शामिल हैं। निखिल कामथ, जिन्होंने इस साल अपनी आधी संपत्ति दान करने के लिए द गिविंग प्लेज पर हस्ताक्षर किए थे, इस लिस्ट में सबसे कम उम्र के दानवीर बने हुए हैं।
इस साल, लिस्ट में उन लोगों को स्पेसिफिकली कैटेगराइज किया गया है जिन्होंने पूरी तरह से अपनी व्यक्तिगत संपत्ति से दान किया है। टॉप 10 दानवीरों ने वित्त वर्ष 2023 में 5,806 करोड़ रुपए का दान दिया, जबकि वित्त वर्ष 22 में डोनेशन 3,034 करोड़ रुपए था। वहीं पिछले 5 वर्षों में, 100 करोड़ रुपए से अधिक का दान देने वाले लोगों की संख्या 2 से बढ़कर 14 हो गई है, और 50 करोड़ रुपए से अधिक का दान देने वालों की संख्या 5 से बढ़कर 24 हो गई है। ये हुरुन इंडिया की 10वीं लिस्ट है।