गूगल पिक्सल फोन अब भारत में बनाएगी, 2024 से आएगा बाजार में  

मुंबई- गूगल पिक्सल फोन अब भारत में भी बनेंगे। इसकी शुरुआत पिक्सल 8 से होगी। ये डिवाइस 2024 से बाजार में आएंगे। गुरुवार को गूगल फॉर इंडिया इवेंट में डिवाइसेज हेड रिक ओस्टरलोह ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग सेटअप के लिए कंपनी भारत में पार्टनरशिप करेगी। 

ओस्टरलोह ने कहा, ‘पिक्सल डिवाइसेज की लोकल डिमांड को पूरा करने के लिए प्रोडक्शन का विस्तार करने की दिशा में यह प्रारंभिक कदम है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह मेक इन इंडिया के लिए गूगल के कमिटमेंट में एक बड़ा कदम है।’ गूगल फॉर इंडिया इवेंट में पिक्सल फोन की भारत में मैन्युफैक्चरिंग की घोषणा की गई। 

एपल भारत में पहले से ही आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग कर रहा है। अब गूगल भी ऐसा करने जा रहा है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में ग्लोबल हब बनना चाहता है। उसने साल 2025-26 तक 300 बिलियन डॉलर के इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट के प्रोडक्शन का प्लान बनाया है। 

गूगल ने 4 अक्टूबर 2023 को पिक्सल 8 और पिक्सल 8 प्रो फोन लॉन्च किए थे। इनकी शुरुआती कीमत 75,999 और 1,06,999 रुपए है। गूगल अपने फोन्स पर 7 साल यानी 2030 तक सपोर्ट देगा। इसमें OS अपडेट, सिक्योरिटी अपडेट, फीचर ड्रॉप और AI इनोवेशन मिलेंगे। 

पिक्सल 8 में रियर कैमरा: 50MP + 12MP दिया गया है। फ्रंट कैमरा : 10.5MP का है। वहीं पिक्सल 8 प्रो में रियर कैमरा: 50MP + 48MP + 48MP और फ्रंट कैमरा: 10.5MP दिया गया है। Pixel 8 में वही प्राइमरी सेंसर है जो Pixel 8 Pro में मिलता है। 

गूगल पूरे कैमरा एक्सपीरियंस में फास्टर ऑटोफोकस का दावा करता है, खासकर लो-लाइट कंडीशन में। कैमरा सॉफ्टवेयर फीचर में मैजिक इरेजर, फोटो अनब्लर, नाइट साइट, टॉप शॉट और बहुत कुछ शामिल हैं। दोनों फोन में टेंसर G3 प्रोसेसर मिलता है। 

एनालिस्ट फर्म आईडीसी के 2022 के एक डेटा के अनुसार, 2016 में पहला पिक्सल फोन रिलीज होने के बाद से गूगल ने कुल 2.76 करोड़ फोन ही बेचे। जबकि केवल 2021 में सैमसंग ने 27.2 करोड़ फोन बेचे। एपल ने इस दौरान 23.5 करोड़ फोन सेल किए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *