सोना 557 रुपये महंगा होकर 59,840 पर पहुंचा, चांदी 1351 रुपये महंगी हुई
मुंबई- सोना-चांदी के दामों में तेजी देखने को मिली। सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने के दाम 557 रुपए चढ़कर 59,840 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। चांदी में भी आज 1351 रुपए की बढ़त देखने को मिली है। ये 72,197 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले ये 70,846 रुपए पर थी। जानकारों के अनुसार आने वाले दिनों में सोना-चांदी दोनों की कीमतों में और बढ़त देखने को मिल सकती है।
अक्टूबर महीने में सोने के दाम में 2121 रुपए की तेजी देखने को मिली है। इस महीने की शुरुआत यानी 1 अक्टूबर को ये 57,719 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो अब 59,840 रुपए पर है। वहीं चांदी 71,603 रुपए प्रति किलोग्राम से 72,197 रुपए पर पहुंच गई है।
सोने की कीमतों में उछाल की बड़ी वजहें- रविवार से नवरात्र शुरू हो चुकी हैं। इसके साथ ही निवेश और शॉपिंग के लिए शुभ मुहूर्त की शुरुआत हो गई. बाजार को लगता है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ना अब बंद हो जाएंगी। सोने के लिए ये पॉजिटिव संकेत है। बॉन्ड यील्ड गिरने, डॉलर में तेजी थमने और इजराइल- फिलिस्तीन युद्ध के चलते सोने में निवेश बढ़ने लगा है।
अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी जारी रहने के आसार हैं। अंतराष्ट्रीय बाजार में बॉन्ड यील्ड घट रही है और डॉलर कमजोर हो रहा है। इसके अलावा घरेलू बाजार में त्योहारों के लिए मांग बढ़ेगी। इसके बाद शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा। ऐसे में डिमांड बढ़ने का असर कीमतों पर होगा। इससे दिवाली तक सोना 60 हजार और चांदी 73 हजार तक जा सकती है। इससे गोल्ड को सपोर्ट जारी रहेगा।