लोन पर ब्याज ज्यादा होने और महंगाई से लोग हैं परेशान, नहीं चल रहा घर
मुंबई- बढ़ती महंगाई और ब्याज दरें लोगों की जेब पर काफी असर डाल रही हैं। एक सर्वे में 74% उत्तरदाताओं ने बताया कि उनका लोन ज्यादा महंगा हो गया है। 42% ने कहा कि उनकी मासिक किस्त बढ़ गई है। 21% ने कहा कि ज्यादा किस्त और लंबी लोन अवधि दोनों का बोझ उन्हें उठाना पड़ रहा है। प्रभावित लोगों में से 76% ने अपनी ब्याज दरों में एक प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि देखी।
सर्वे में पाया गया कि 21% लोगों ने ब्याज दर में 3% से ज्यादा की वृद्धि का अनुभव किया। 26% व्यक्तियों के लिए, इस वृद्धि के परिणामस्वरूप 0-2,000 रुपये का अतिरिक्त खर्च आया। 50% को अपने खर्चों में 2,000-10,000 रुपये की बढ़ोतरी का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा, सर्वे से पता चला: 2-3 प्रतिशत की लोन लेने की गिरावट के साथ, कम लोग घर, वाहन, शिक्षा और घर के रेनोवेशन के लिए लोन ले रहे हैं। हालांकि, मेडिकल और अन्य आपात स्थितियों के लिए लोन लेने वालों की संख्या में 3% की बढ़ोतरी हुई है। कुल मिलाकर, 82% उत्तरदाता इस साल वित्तीय रूप से ज्यादा सतर्क हो गए हैं क्योंकि लोन लेने की ज्यादा लागत उनके वित्तीय लक्ष्य को प्रभावित कर रही है।
स्टडी में भारत के छह प्रमुख शहरों और 18+ टियर 2 शहरों के 1,732 प्रतिभागियों से जानकारी एकत्र की गई। यह रिसर्च 22 से 45 वर्ष की आयु के कामकाजी प्रोफेशनल्स पर केंद्रित थी। निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि लोग अपने वित्तीय लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अन्य चीजों पर खर्च करने में सतर्कता बरत रहे हैं।
सबसे महत्वपूर्ण चुनौतियां जीवन यापन के लिए बढ़े खर्चे (48%) हैं, इसके बाद सीमित बचत (44%) हैं। इसके अतिरिक्त, 30% उत्तरदाताओं ने जिक्र किया कि टैक्स सिस्टम को महंगाई के हिसाब से एडजस्ट नहीं किया गया है, जिससे उनकी फाइनेंशियल कंडिशन पर और असर पड़ रहा है।