अदाणी ने राघव बहल की कंपनी खरीदी, क्विंटिलियन बिजनेस के होंगे मालिक
मुंबई- अडाणी ग्रुप की कंपनी AMG मीडिया नेटवर्क्स डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया लिमिटेड’ (QBML) में 51% की बाकी हिस्सेदारी खरीदेगी। अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज ने मार्केट रेगुलेटर सेबी को इसके बारे में जानकारी दी है।
एंटरप्राइजेज ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि AMG मीडिया नेटवर्क्स के बोर्ड ने QBML में बाकी बची 51% की हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे पहले पिछले साल AMG मीडिया नेटवर्क्स ने 47.84 करोड़ रुपए में QBML में 49% की हिस्सेदारी खरीदी थी। 51% हिस्सेदारी खरीदने के बाद राघव बहल की कंपनी QBML में अडाणी ग्रुप का पूर्ण नियंत्रण हो जाएगा।
8 महीने पहले क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया ने BQ प्राइम हिंदी लॉन्च किया था। कंपनी इसके जरिए हिंदी में वर्ल्ड क्लास बिजनेस और फाइनेंशियल कंटेंट देना चाहती है। प्लेटफॉर्म का टारगेट वे लोग हैं जो बिजनेस और फाइनेंस से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में जानना चाहते हैं। BQ प्राइम (पहले का नाम ब्लूमबर्गक्विंट) को इंडियन इकोनॉमी, बिजनेस और फाइनेंशियल मार्केट के एनालिटिकल कवरेज के लिए जाना जाता है।
क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया क्विंटिलियन मीडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी है। इसकी स्थापना 2016 में ब्लूमबर्गक्विंट के रूप में हुई थी। यह पहला डिजिटल ओनली मल्टीमीडिया ब्रांड है। इतने सालों में BQ प्राइम एक अवॉर्ड-विनिंग न्यूज एंड व्यूज सर्विस बन गया है। ये इकोनॉमी, बिजनेस, फाइनेंशियल मार्केट, लॉ एंड पॉलिसी के अपने स्वतंत्र, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक कवरेज के लिए जाना जाता है।
सितंबर 2021 ने अडाणी ग्रुप ने सीनियर जर्नलिस्ट संजय पुगलिया को AMG मीडिया नेटवर्क्स को प्रमुख बनाया था। इसके बाद अडाणी ग्रुप ने तेजी से मीडिया बिजनेस में विस्तार किया है। QBML के अलावा ग्रुप ने Ndtv जैसे बड़े मीडिया हाउस का अधिग्रहण किया है।