इस साल त्योहारों में 10 लाख के पार जा सकती है यात्री वाहनों की बिक्री
मुंबई- त्योहारों के दौरान इस साल घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री 10 लाख के पार हो सकती है। इस वर्ष 68 दिन के त्योहारों का मौसम 17 अगस्त से शुरू होकर 14 नवंबर तक चलेगा। हालांकि, इस अवधि में कुछ दिन खरीदारी के लिए शुभ नहीं माने जाते। मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी शशांक श्रीवास्तव ने बताया, त्योहारों के दौरान बिक्री बढ़ जाती है। यह पूरे वर्ष की बिक्री का करीब 22-26 प्रतिशत होती है।
उन्होंने कहा, इस वित्तीय वर्ष में यात्री वाहन की बिक्री 40 लाख रह सकती है। त्योहारों के दौरान करीब 10 लाख की बिक्री होने की उम्मीद है। इस साल उद्योग में मजबूत बिक्री देखी गई और आने वाले महीनों में भी इसके जारी रहने की उम्मीद है। अप्रैल, मई, जून और जुलाई में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा है। जुलाई में करीब 3.52 लाख यात्री वाहन बिके हैं। अगस्त में भी इसके 3.5 लाख वाहन बिक सकते हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि मारुति की कुल वार्षिक बिक्री का करीब 22-25 प्रतिशत बिक्री त्योहारों में होती है।