3 साल से सैलरी न लेनेवाले मुकेश अंबानी अब 2029 तक नहीं लेंगे सैलरी
मुंबई- एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी ने लगातार तीसरे साल कोई सैलरी नहीं ली। उन्हें वित्त वर्ष 2022-23 के लिए कोई सैलरी नहीं मिली है। अब वे 2029 तक बिना वेतन के काम करेंगे। उनकी अपील पर रिलायंस के बोर्ड ने यह फैसला लिया है।
मुकेश अंबानी को पांच साल तक यानी 2029 तक फिर से चेयरमैन नियुक्त करने के लिए शेयरधारकों से मंजूरी भी कंपनी लेगी। कोविड महामारी के चलते जब अर्थव्यवस्था और बिजनेस प्रभावित हो रहे थे, तब कंपनी हित में मुकेश अंबानी ने स्वेच्छा से अपना वेतन छोड़ दिया था।
रिलायंस की वार्षिक रिपोर्ट में बताया गाय है कि वित्त वर्ष 2022-23 में अंबानी का पारिश्रमिक शून्य था। अंबानी ने कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद जून 2020 से अपना वेतन ना लेने का फैसला किया था। कोरोना की शुरुआत से पहले तक अंबानी को सालाना 15 करोड़ रुपये सैलरी मिल रही थी। अंबानी की अपील पर बोर्ड ने 18 अप्रैल, 2029 तक कोई भी वेतन या लाभ में कमीशन नहीं देने का फैसला लिया है। हालांकि, उनके जो भी खर्च होंगे, उसका भुगतान मिलेगा। इसमें यात्रा, कार, सुरक्षा आदि शामिल हैं।
साल 2008-09 से लेकर 2019-20 तक 15 करोड़ रुपये ही वेतन लिया था। अंबानी ने अपना वेतन इसी आंकड़े पर सीमित कर रखा था। उनकी सैलरी पिछले लगातार 12 सालों से इसी स्तर पर थी। हालांकि कंपनी में कई लोगों की सैलरी उनसे कहीं ज्यादा है। विगत तीन वर्षों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर की भूमिका के लिए मुकेश अंबानी ने वेतन के अलावा किसी भी प्रकार के भत्ते, अनुलाभ, सेवानिवृत्ति लाभ, कमीशन या स्टॉक ऑप्शनंस का लाभ भी नहीं लिया।
इससे पहले अंबानी ने अपनी सैलरी 15 करोड़ रु तक सीमित कर दी थी। वे 2008-09 से 15 करोड़ की सैलरी ले रहे थे। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अंबानी 95.1 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 7.96 अरब डॉलर की तेजी आई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में निखिल मेसवानी की सैलरी वित्त वर्ष 2022-23 में पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 1 करोड़ रुपये बढ़कर 25 करोड़ रु सालाना पहुंच गई। 25 करोड़ रुपये वार्षिक वेतन पर हितल मेसवानी भी कंपनी में काम कर रहे हैं। ऑयल और गैस बिजनेस से जुड़े पी एम प्रसाद का वेतन 2021-22 में 11.89 करोड़ था जो 2022-23 में बढ़कर 13.5 करोड़ हो गया।
मेसवानी भाइयों के पिता रसिकलाल मेसवानी रिलायंस के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की बड़ी बहन त्रिलोचना बेन के बेटे थे। रिलायंस को इस मुकाम तक पहुंचाने में रसिकभाई मेसवानी की भी अहम भूमिका रही है। रसिकभाई के बेटे निखिल आर मेसवानी और हितल आर मेसवानी रिलायंस में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। इन दोनों भाइयों को मुकेश अंबानी का दायां हाथ माना जाता है
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2022-23 में 2.62 लाख लोगों को नौकरी दी है। इसमें से 1.8 लाख रिटेल कंपनी और 70,500 लोग जियो में शामिल हुए। इसके साथ रिलायंस रिटेल में कुल कर्मचारियों की संख्या 2.45 लाख हो गई है। कंपनी की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज में कुल 3.89 लाख कर्मचारी हैं। कंपनी ने कहा, 2021-22 में सभी सेगमेंट में इसने 2.32 लाख लोगों की भर्ती की थी। 2020-21 में 75,000 लोगों की भर्ती की थी। कंपनी चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा, हमने रोजगार निर्माण में एक नया रिकॉर्ड हासिल किया है। वित्त वर्ष 2023 में रिलायंस का 9.76 लाख करोड़ रुपये का राजस्व था जो एक साल पहले की तुलना में 23.2 फीसदी बढ़ा था।
रिलायंस रिटेल के वित्त वर्ष 2023 में इसके पास कुल 24.9 करोड़ ग्राहक रहे। रिलायंस समूह के कुल कारोबार में इसका 18 फीसदी का योगदान रहा। कंपनी ने 3,330 नए स्टोर खोले और कुल 18,040 स्टोर हो गए। इसका कुल एक अरब लेनदेन रहा। 66 वर्षीय अंबानी 4 साल बाद 70 साल के हो जाएंगे। वे रिलायंस के बोर्ड में 1977 से हैं। 2002 में वे धीरूभाई अंबानी के निधन के बाद वे चेयरमैन बने थे।