ब्याज दरें बढ़ने के बावजूद वाहनों का कर्ज 22 फीसदी बढ़ा, 5.09 लाख करोड़ उधारी
मुंबई- ब्याज दरों में लगातार वृद्धि के बावजूद वाहनों को दिया गया कर्ज इस साल मई तक 22 फीसदी बढ़कर 5.09 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। मई, 2021 से मई, 2022 के दौरान इसमें केवल 14 फीसदी की बढ़त हुई थी। इस दौरान आरबीआई की रेपो दर में 2.50 फीसदी का इजाफा हुआ है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों के मुताबिक, मई, 2021 में वाहनों का कुल कर्ज 3.65 लाख करोड़ रुपये था। मई, 2022 में यह 4.16 लाख करोड़ रुपये हो गया। 19, मई 2023 तक यह बढ़कर 5.09 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। आरबीआई ने पिछले साल मई से लेकर इस साल फरवरी तक महंगाई पर काबू पाने के लिए लगातार छह बार दरों में बढ़ोतरी की थी। हालांकि, दो बार से दरों को बढ़ाने का सिलसिला रुक गया है।