सेमीकंडक्टर को भागीदार तैयार, इस साल शुरू हो जाएगा विनिर्माण- वेदांता
मुंबई- वेदांता ने कहा है कि उसने सेमीकंडक्टर बनाने के लिए साझेदारों को तैयार कर लिया है। इस साल के अंत तक चिप का निर्माण शुरू हो जाएगा। भारतीय इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने शेयरधारकों की बैठक में बुधवार को यह बात कही।
गौरतलब है कि इसी हफ्ते फॉक्सकॉन के साथ गुजरात में चिप मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का वेदांता का 19.5 अरब डॉलर का सौदा टूट गया। इसके बाद दोनों कंपनियों ने कहा कि वह अलग-अलग साझेदारों के साथ चिप निर्माण पर काम करेंगी।
दुनिया के अधिकांश चिप्स कुछ देशों में निर्मित होते हैं। भारत में अभी भी यह शुरुआती क्षेत्र है। उम्मीद है कि भारत का सेमीकंडक्टर बाजार 2026 तक 63 अरब डॉलर का हो जाएगा। सेमीकंडक्टर्स का उपयोग मोबाइल फोन से लेकर रेफ्रिजरेटर और कारों जैसे उपकरणों में किया जाता है।
अग्रवाल ने कहा, भारत हर साल 100 अरब डॉलर के मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामान का आयात करता है। इसमें 30 अरब डॉलर सेमीकंडक्टर का होता है। हमने संयुक्त उपक्रम के लिए भागीदारों को तैयार किया है। हालांकि, सरकारी मंजूरी मिलनी बाकी है।
वेदांता ने कहा कि उसने अब तक भारत में 2.9 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है। आने वाले समय में कंपनी सभी क्षेत्रों में निवेश करना जारी रखेगी। कंपनी चालू वित्त वर्ष में 14,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई है। कंपनी ने सरकार को सात वर्षों में 3 लाख करोड़ रुपये का कर चुकाया है। इसमें से 74,000 करोड़ पिछले वित्त वर्ष में दिया था।