अनिल अंबानी को अमीर बनाने वाली कंपनी जा रही है बिकने, जानिए कारण
मुंबई- अनिल अंबानी को एक समय सबसे अमीर बनाने वाली कंपनी भी अब बिकने जा रही है। दरअसल अनिल अंबानी अपनी कंपनी रिलायंस कैपिटल को अरबपति फैमिली को बेच सकते हैं। अनिल अंबानी आर्थिक संकट से निकलने के लिए इस कंपनी को बेचने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए कंपनी की बातचीत चल रही है।
अनिल अंबानी की रिलायंस कैपिटल भारी घाटे से गुजर रही है। इसकी साल 2018 में कीमत करीब 93,851 करोड़ रुपये थी। लेकिन अब यह लगातार नुकसान में जा रही है। इसी वजह से इसे बेचने की तैयारी की जा रही है। हिंदुजा ग्रुप की फर्म इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड की ओर से रिलायंस कैपिटल को खरीदने और इसे फिर से प्रॉफिट में लाने की योजना बनाई गई है। दूसरे दौर में बोली लगाने वाली ये अकेली कंपनी थी। इसने 9661 करोड़ रुपये की रेकॉर्ड बोली लगाई थी।
अनिल अंबानी को बिजनस में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ सालों से वह लिए गए कर्ज से परेशान हैं। चीन के बैंकों से कर्ज से जुड़े विवाद में उन्होंने इंग्लैंड हाईकोर्ट में दलील रखते हुए अपनी नेटवर्थ जीरो बताई थी। अनिल अंबानी ने खुद को दिवालिया बताया था। उन्होंने कहा था कि वह कर्ज का बकाया नहीं चुका सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट में कहा था कि परिवार के लोग भी उनकी कोई मदद नहीं कर पाएंगे।