बायजू की मुश्किलें और बढ़ीं, छंटनी से पहले कंपनी छोड़ना चाहते हैं कर्मचारी

मुंबई- कॉरपोरेट गवर्नेंस सहित कई मामलों में घिरी एडटेक कंपनी बायजू की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। इसके ज्यादातर कर्मचारी छंटनी से पहले ही कंपनी छोड़ने की योजना बना रहे हैं। एक दर्जन से अधिक वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों ने कहा, वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। कंपनी में पहले भी कई चरणों में छंटनी हो चुकी है। 

बायजू की वैसे तो आर्थिक मोर्चे पर पहले से ही दिक्कतें हैं, लेकिन यह तब और बढ़ गई, जब पिछले हफ्ते इसके ऑडिटर डेलॉय ने वित्तीय परिणाम में लगातार हो रही देरी से इस्तीफा दे दिया था। इसके तुरंत बाद कंपनी के बोर्ड के तीन सदस्यों ने भी इस्तीफा दे दिया। खबर है कि कॉरपोरेट मंत्रालय कंपनी की जांच भी कर रहा है। हालांकि, बायजू ने ऐसी किसी जांच से इन्कार किया है। 

बायजू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, कंपनी के कर्मचारियों का मनोबल लगातार गिर रहा है। हर कर्मचारी नई नौकरी तलाशने के लिए अपने कंप्यूटर या लैपटॉप पर जॉब पोर्टल खोलकर बैठा रहता है। वे किसी संभावित छंटनी का शिकार होने के बजाय खुद ही इस्तीफा देकर जाना चाहते हैं। इन कर्मचारियों को अभी तक डेलॉय या बोर्ड के सदस्यों के इस्तीफे की जानकारी भी नहीं दी गई है। साथ ही शीर्ष नेतृत्व भी चार-छह हफ्ते से इनके संपर्क में नहीं है। 

बायजू ने कोरोना के बाद से लगातार छंटनी की है। पिछले हफ्ते ही एक हजार लोगों को कंपनी ने निकाल दिया है। पिछले वित्त वर्ष में इसका 22 अरब डॉलर का मूल्यांकन था। हालिया घटनाक्रमों के बाद कर्मचारियों के बोनस, वेतन वृद्धि, प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहन आदि रोक दिए गए हैं। सभी कर्मचारी चालू वित्त वर्ष के अपनी वेतन वृद्धि का इंतजार कर रहे हैं। 

वित्त वर्ष 2021 में बायजू ने 4,564.38 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया। उसके पहले के वित्त वर्ष में 305.5 करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा हुआ था। इसके अलावा, कंपनी को 1.2 अरब डॉलर टर्म लोन बी फंडिंग हासिल करने और लेनदारों के साथ संघर्ष को हल करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। 

बायजू ने निवेशकों से कहा है कि वह 2021-22 का ऑडिटेड आय का विवरण सितंबर तक नियामक के पास जमा कराएगी। दिसंबर तक वित्तीय परिणाम जमा करा सकती है। शनिवार को कंपनी के मालिक बायजू रविंद्रन और मुख्य वित्तीय अधिकारी अजय गोयल ने 75 से ज्यादा शेयरधारकों कंपनी की चिंताओं के बारे में बात की। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *