अदाणी के शेयरों में तीसरे दिन भी भारी तेजी, 3 दिन में 30 फीसदी तक बढ़े शेयर
मुंबई- अडाणी ग्रुप के सभी 10 स्टॉक्स में तीसरे दिन भी भारीतेजी रही। सबसे ज्यादा अडाणी एंटरप्राइजेज 13.49% चढ़कर 2640 रुपए पर बंद हुआ। इससे पहले सोमवार को भी ये 19.55% चढ़कर 2,338 रुपए पर बंद हुआ था। यानी दो दिन में ही इसका शेयर 30% से ज्यादा चढ़ गया है। अडाणी ग्रुप की 10 कंपनियों का मार्केट कैप भी 10 लाख करोड़ को पार कर गया है।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त पैनल को अडाणी ग्रुप की कंपनियों में स्टॉक प्राइस के हेरफेर का कोई सबूत नहीं मिला है। इसके बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी आई। वहीं एमके ग्लोबल के टेक्निकल एनालिस्ट कपिल शाह ने कहा कि अडाणी एंटरप्राइजेज 26 कारोबारी सत्रों में 1,800 से 2,000 के दायरे में रहा था। अब स्टॉक ने ऊपरी बैंड को पार कर लिया है।
इन्वेस्टर राजीव जैन की GQG पार्टनर्स ने अडाणी ग्रुप में अपनी 10% हिस्सेदारी बढ़ा दी है। हालांकि किस कंपनी के कितने शेयर उन्होंने खरीदे हैं, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। अडाणी ग्रुप में GQG की हिस्सेदारी 3.5 बिलियन डॉलर यानी 28 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा हो चुकी है। मार्च में भी GQG ने अडाणी ग्रुप में 15,446 करोड़ रुपए का निवेश किया था।
राजीव जैन को ग्रुप की 4 कंपनियों में अपने निवेश के 3 महीने से भी कम समय में 65.18% का रिटर्न मिला है। वैल्यू के टर्म में 2 मार्च को GQG पार्टनर्स का 15,446.35 करोड़ रुपए का निवेश 23 मई के कारोबार में 25,515.50 रुपए हो गया। इस कमाई से वो 200 करोड़ डॉलर की नेटवर्थ के साथ फोर्ब्स बिलेनियर्स 2023 की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं।
अडाणी ग्रुप का मार्केट कैप 24 जनवरी को आई हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद गिरकर करीब 7 लाख करोड़ रुपए पर आ गया था। अब अडाणी ग्रुप के शेयरों में दोबारा रिकवरी देखने को मिली है और मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपए को पार कर गया है।