हिंदुजा समूह के चेयरमैन एसपी हिंदुजा का निधन, लंदन में ली अंतिम सांस
मुंबई- चार हिंदुजा भाईयों में सबसे बड़े और हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन एसपी हिंदुजा ने 87 साल की उम्र में लंदन में आखिरी सांस ली। परिवार के प्रवक्ता ने कहा कि हिंदुजा कुछ समय से बीमार चल रहे थे। एक बयान में परिवार ने कहा कि गोपीचंद, प्रकाश, अशोक और पूरी हिंदुजा फैमिली को बड़े भारी मन से यह दुखद खबर देनी पड़ रही है।
एसपी हिंदुजा एक जाने-माने बिजनसमैन थे। वे भारतीय मूल के ब्रिटिश अरबपति थे। उन्होंने अपनी फैमिली के साथ ही दोनों देशों में अपने संबंधों का तालमेल भी शानदार तरीके से रखा। एक बयान में फैमिली ने कहा, ‘गोपीचंद, प्रकाश, अशोक और पूरे हिंदुजा परिवार को आज हमारे परिवार के संरक्षक और हिंदुजा समूह के अध्यक्ष एस पी हिंदुजा के निधन की घोषणा करते हुए भारी दुख हो रहा है। वे हमारे दिवंगत पिता पीडी हिंदुजा के सिद्धांतों और मूल्यों पर चलने वाले परिवार के लिए एक दूरदर्शी और संरक्षक थे। उन्होंने अपने मेजबान देश ब्रिटेन और अपनी होम कंट्री भारत के बीच एक मजबूत संबंध बनाने में अपने भाइयों के साथ बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’
हिंदुजा ग्रुप काफी पुराना ग्रुप है। इसकी स्थापना साल 1914 में श्रीचंद परमानंद ने की थी। श्रीचंद परमानंद के चार बेटे हैं। दुनिया के 38 देशों में इस ग्रुप का कारोबार फैला हुआ है। हिंदुजा ग्रुप में करीब डेढ़ लाख कर्मचारी काम करते हैं। हिंदुजा ग्रुप ट्रक बनाता है। इसके अलावा यह बैंकिंग, पावर, मीडिया, हेल्थ और केमिकल सेक्टर में भी कारोबार कर रहा है। ऑटो कंपनी अशोक लीलैंड और इंडसइंड जैसे बड़े ब्रैंड हिंदुजा ग्रुप के ही हैं।