सोने का आयात पिछले वित्त वर्ष में 24 फीसदी घटकर 35 अरब डॉलर पर
मुंबई- वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्चितता की वजह से वित्त वर्ष 2022-23 में भारत का सोने का आयात 24.15 फीसदी घटकर 35 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वाणिज्य मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 2021-22 में 46.2 अरब डॉलर का आयात हुआ था।
सोने के आयात से देश के चालू खाते घाटे को कम करने में मदद मिलती है, हालांकि, इस बार आयात में भारी गिरावट से देश के व्यापार घाटे को कम करने में मदद नहीं मिली है। 2022-23 में मर्चेंडाइज व्यापार घाटा एक साल पहले की अवधि में 191 अरब डॉलर के मुकाबले 267 अरब डॉलर होने का अनुमान लगाया गया था।
आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान चांदी का आयात 6 फीसदी तेजी के साथ 5.29 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। अगस्त, 2022 से इस साल फरवरी तक सोने का आयात लगातार घटता गया। हालांकि, मार्च, 2022 में एक अरब डॉलर से बढ़कर यह मार्च, 2023 में 3.3 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
उद्योग के जानकारों के मुताबिक, ज्यादा आयात शुल्क और वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्तिताओं के कारण सोने के आयात में कमी आई है। भारत ने अप्रैल-जनवरी, 2023 के दौरान कुल 600 टन सोने का आयात किया था। सालाना आधार पर इसके आयात का औसत 800-900 टन का रहा है। 2022-23 में जेम्स एवं जूलरी का निर्यात तीन फीसदी घटकर 38 अरब डॉलर रह गया है।