छोटा राजन की दो बेटियां, एक एमबीए, दूसरी इंजीनियरिंग की कर रही पढ़ाई
मुंबई- छोटा राजन कभी मुंबई में आतंक का दूसरा नाम होता था। अस्सी के दशक में मुंबई पुलिस की नाक में दम करने वाले छोटा राजन पर दाऊद सबसे ज्यादा भरोसा करता था। यहां तक की दुबई में भी दोनों एक दूसरे के साथ मिलकर काम करते रहे। छोटा राजन का असली नाम राजेन्द्र सदाशिव निखलजे है। मुंबई के चेंबूर की तिलक नगर बस्ती में पैदा हुआ और वही पला बढ़ा। महज दस साल की उम्र में अपराध का दामन थाम लिया।
पहले फिल्मों की टिकट ब्लैकमेलिंग का काम शुरु किया और भी बड़ा राजन गैंग से जुड़ गया। बड़ा राजन की मौत के बाद सदाशिव ने ही इस गैंग को संभाल और फिर वो बन गया छोटा राजन। मुंबई में ही वो दाऊद के करीब आया और फिर दाऊद के लिए काम करने लगा।
एक तरफ वो अंडरवर्ल्ड की दुनिया से जुड़ता जा रहा था तो दूसरी तरफ उसकी जिंदगी में मुंबई में रहने वाली सुजाता नाम की लड़की आई, जो बाद में उसकी पत्नी बनी। साल 1988 में छोटा राजन दुबई चला गया और वही से वो अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के लिए काम करता रहा। दुबई में ही छोटा राजन की शादी हुई और ये शादी करवाई खुद अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद ने।
छोटा राजन की पत्नी सुजाता दाऊद को अपना बड़ा भाई मानती थी। छोटा राजन और दाऊद के बीच अच्छे पारिवारिक रिश्ते थे। यहां तक छोटा राजन की जब शादी हुई तो दाऊद और उसकी पत्नी जुबीना जरीन दोनों ही इस शादी में शरीक हुए। छोटा राजन और सुजाता की शादी हुई बेशक दुबई में, लेकिन ये शादी एकदम मराठी स्टायल में की गई।
सुजाता से शादी के बाद छोटा राजन थोड़े समय बाद ही दाऊद इब्राहिम से अलग हो गया। वजह थी 1993 में हुए मुंबई धमाके। छोटा राजन को जब ये पता चला कि दाऊद ने मुंबई में धमाके करवाएं तो उसे ये बात पसंद नहीं आई और फिर वो दाऊद का ही दुश्मन बन गया। दाऊद और छोटा राजन की दुश्मनी के किस्से काफी सालों तक चर्चा में रहे। यहां तक कि छोटा राजन पर दाऊद ने कई बार जानलेवा हमले भी करवाए, लेकिन छोटा राजन हर बार बचता रहा।
छोटा राजन बाद में दुबई छोड़कर मलेशिया चला गया। मलेशिया में वो होटल, क्लब, पब चलाने लगा। थाइलैंड में भी छोटा राजन ने अपना पांव पसारे। सालों तक वो विदेश में रहकर ही काम करता रहा। भारत में छोटा राजन के खिलाफ कई केस दर्ज थे। वो मुंबई पुलिस का मोस्ट वांटेड था और इसलिए वो कभी यहां नहीं आया, हां छोटा राजन की पत्नी सुजाता निखलजे मुंबई जरूर लौट आई। वो अपने बच्चों के साथ मुंबई में चेंबूर के तिलक नगर इलाके में ही रहने लगी। छोटा राजन और सुजाता की तीन बेटियां हैं।
इस डॉन की एक बेटी ब्रिटेन से एमबीए कर रही है जबकि दूसरी बेटी इंजीनियरिंग। छोटा राजन का पैतृक गांव महाराष्ट्र के सतारा में गिरवी गांव में हैं। यहां छोटा राजन का परिवार अक्सर जाया करता है। छोटा राजन को भी साल 2015 में इंडोनेशिया के बाली से गिरफ्तार कर लिया गया था और फिर भारत लाया गया था। तब से वो दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।