अदाणी को कर्ज देने के लिए लाइन में लगे हैं बैंक, 6500 करोड़ जुटाएगा समूह 

मुंबई- शेयरों की कीमतों में रिकवरी के चलते अडानी ग्रुप को कर्ज देने के लिए अब बैकों की लाइन लग रही है। ग्रुप को लोन देने वाले बैंकों की संख्या 18 से बढ़कर 25 हो गई है। गुरुवार को एक और बड़ी खबर सामने आई है। अडानी ग्रुप अपने न्यू ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स के लिए करीब 6500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रहा है।  

मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी है। हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद यह अडानी ग्रुप का सबसे बड़ा कर्ज हो सकता है। इस कर्ज के लिए गौतम अडानी की अगुवाई वाला ग्रुप कई बैंकों से बात कर रहा है। 

अडानी ग्रुप यह कर्ज न्यू ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स के लिए ले रहा है। सूत्रों के अनुसार, ग्रुप इस कर्ज के लिए दुनिया के दिग्गज बैंकों से बात कर रहा है। इन बैंकों में डीबीएस बैंक लिमिटेड, सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन, मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप और स्टैंडर्ड चार्टर्ड शामिल हैं। यह कर्ज 700 से 800 मिलियन डॉलर का हो सकता है। हालांकि, अभी कर्ज का आकार फाइनल नहीं हुआ है। यह थोड़ा कम-ज्यादा हो सकता है। 

अडानी ग्रुप के बारे में बीती 24 जनवरी को यूएस शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च ने एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट के बाद अडानी ग्रुप के शेयर 80 फीसदी तक गिर गए थे। ग्रुप की कपनियों की मार्केट वैल्यू करीब 100 अरब डॉलर गिर गई थी। हालांकि, अब इनमें कुछ रिकवरी आई है। अडानी ग्रुप ने बार-बार हिंडनबर्ग के आरोपों को सिरे से नकारा है। अब ग्रुप के किसी भी प्रोजेक्ट की फाइनेंसिंग के लिए कर्ज देना बैंकों के बढ़ते कंफर्ट को दिखाता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *