जियो के ग्राहकों ने एक महीने में 10 अरब जीबी डेटा का किया इस्तेमाल  

मुंबई- देश की सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनी रिलायंस जियो ने इतिहास रच दिया है। जियो यूजर्स ने एक महीने में 10 एक्साबाइट यानी 10 अरब जीबी डेटा का इस्तेमाल कर डाला। यह आंकड़ा कितना बड़ा है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 2016 में जब रिलायंस जियो ने टेलिकॉम सेक्टर में एंट्री मारी थी, उस वक्त पूरे देश के सभी उपलब्ध नेटवर्क्स पर डेटा खपत सालाना मात्र 4.6 एक्साबाइट थी।  

भारत में पहली बार किसी टेलिकॉम कंपनी के नेटवर्क पर एक महीने में 10 एक्साबाइट डेटा की खपत हुई है। मार्च तिमाही में जियो नेटवर्क पर डेटा की खपत का आंकड़ा 30.3 एक्साबाइट था। रिलायंस जियो ने अपने तिमाही नतीजों में इसका खुलासा किया। देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद अपने मार्च तिमाही के नतीजे घोषित किए थे। इस दौरान कंपनी को रेकॉर्ड मुनाफा हुआ है। 

जियो ट्रू 5जी रोलआउट ने डेटा की बढ़ती खपत में अहम भूमिका निभाई। जियो ग्राहक अब हर महीने औसतन 23.1 जीबी डेटा खर्च कर रहा है। जो दो साल पहले तक मात्र 13.3 जीबी प्रतिमाह था। यानी प्रत्येक जियो ग्राहक दो साल पहले की तुलना में करीब 10 जीबी प्रतिमाह अधिक डेटा की खपत कर रहा है। जियो नेटवर्क पर डेटा खपत का यह औसत, टेलीकॉम इंडस्ट्री की औसत से कहीं अधिक है।  

तिमाही रिजल्ट्स के मुताबिक जियो ने मार्च 2023 तक 60 हजार साइट्स पर 3.5 लाख से अधिक 5जी सेल्स लगा लिए थे। देश भर में 2,300 से अधिक शहर और कस्बे 5जी की कवरेज में आ गए हैं और जियो यूजर्स भारी संख्या में 5जी सर्विस का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी का दावा है कि जियो बेहद तेजी से 5जी का रोलआउट कर रहा है।  

दुनिया भर में 5जी के रोलआउट की ऐसी कोई मिसाल नही है। कंपनी 2023 के अंत तक पूरे देश में 5जी कवरेज पहुंचाना चाहती है। 5जी रोलआउट के साथ-साथ कंपनी एयरफाइबर के लॉन्च की तैयारियां भी कर रही है। जियो ने बताया कि अगले कुछ महीनों में इसका लॉन्च संभव है। रिलायंस जियो का लक्ष्य 10 करोड़ घरों को फाइबर और एयरफाइबर से जोड़ने का है।  

जियो का औसत राजस्व प्रति ग्राहक प्रतिमाह (ARPU) बढ़कर 178.8 रुपये हो गया है। कंपनी के नेटवर्क पर हर दिन यूजर्स 1,459 करोड़ मिनट बातचीत (वॉयस कालिंग) कर रहे हैं। जियो नेटवर्क से जुड़े हर फोन पर करीब 1,003 मिनट हर महीने कॉलिंग हो रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *