अमेरिका को इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात 6.8 फीसदी बढ़ा, चीन के निर्यात में कमी 

मुंबई- देश से इंजीनियरिंग वस्तुओं के निर्यात में अमेरिका अभी भी शीर्ष पर बना है। 2022-23 में अमेरिका के निर्यात में 6.8 फीसदी की वृद्धि हुई जो 18.67 अरब डॉलर रहा। इसी दौरान चीन का निर्यात 52.4 फीसदी घटकर केवल 2.63 अरब डॉलर रह गया जो उसके पहले के साल में 5.53 अरब डॉलर था। 

भारत से वस्तुओं के निर्यात में जिन देशों में वृद्धि आई है उनमें ब्रिटेन, जर्मनी, सिंगापुर, सऊदी अरबिया, मैक्सिको और इंडोनेशिया हैं। जबकि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), तुर्किये और थाईलैंड के निर्यात में गिरावट आई है। 

देश से इंजीनियरिंग का कुल निर्यात वित्त वर्ष 2021-22 में 112.16 अरब डॉलर रहा था। 2022-23 में यह 4.57 फीसदी घटकर 107.40 अरब डॉलर पर आ गया। हालांकि, रुपये के रूप में यह सालाना आधार पर 2.77 फीसदी की दर से बढ़ रहा है क्योंकि डॉलर की तुलना में रुपया लगातार कमजोर हो रहा है। 

वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022-23 में देश के कुल मर्चेंडाइज निर्यात में इंजीनियरिंग का निर्यात 23.92 फीसदी था जो 2021-22 में 26.58 फीसदी रहा था। कुल 34 इंजीनियरिंग पैनल में से 22 के निर्यात में तेजी रही जबकि 12 के निर्यात में गिरावट दर्ज की गई। 

इंजीनियरिंग निर्यात लगातार पांचवें महीना गिरा है। यह मार्च में 7.49 फीसदी गिरकर 10.19 अरब डॉलर रहा है जो मार्च, 2022 में 11.01 अरब डॉलर था। रूस-यूक्रेन युद्ध से भू-राजनीतिक संकट, उत्तर-पूर्व एशिया विशेष रूप से चीन में आर्थिक मंदी, दक्षिण-पूर्व एशिया में संकट और यूरोप में मंदी से पिछले वित्त वर्ष में निर्यात पर नकारात्मक असर देखा गया। ईईपीसी भारत के चेयरमैन अरुण कुमार गरोड़िया ने कहा कि पिछला वित्त वर्ष सामान्य रूप से वैश्विक व्यापार के लिए एक कठिन वर्ष रहा है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *