इसलिए बिगड़ी राजा भइया और उनकी पत्नी के बीच बात, अब होगा तलाक
मुंबई- उत्तर प्रदेश के कुंडा के विधायक, पूर्व मंत्री और राजघराने में शामिल राजा भइया उर्फ रघुराज प्रताप सिंह और उनकी पत्नी भानवी के बीच तलाक का मामला अंतिम चरण में पहुंच चुका है। राजा भइया का रसूख और सियासी कद दोनों कद्दावर है। लेकिन परिवार के अंदर उठे तूफान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी नहीं सुनी। मामला दिल्ली के साकेत कोर्ट में है और इस पर अब सुनवाई होनी है।
राजा भइया की शादी 25 साल की उम्र में 20 साल की भानवी से हुई थी। राजा भइया अब 53 साल के हैं और भानवी 48 साल की हैं। दोनों के चार बच्चे हैं। 28 साल का यह रिश्ता अब टूटने के कगार पर है। 1995 में दोनों की शादी हुई थी। राजा भइया भदरी राजमहर के राजकुमार हैं तो उनकी पत्नी बस्ती राजघराने की राजकुमारी हैं।
समय के साथ दोनों के रिश्तों में दरार आने लगी। बताते हैं कि राजा भइया से नाराजगी के बाद भानवी सिंह अपने दिल्ली स्थित आवास पर रहने लगी हैं। दो साल पहले राजा भइया ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी। इसमें उन्होंने उनके ऊपर परिजनों को अपमानित करने की बात कही थी। बताया जाता है कि राजा भइया और भानवी सिंह के रिश्तों में कड़वाहट काफी लंबे समय से थी जो अब सार्वजनिक हो चुकी है।
भानवी ने एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ कुछ समय पहले मामला दर्ज कराया था। अक्षय प्रताप सिंह राजा भइया के बेहद करीबी हैं। राजा भइया लगातार सातवीं बार विधायक बने हैं। 1993 से वे अपनी सीट पर चुने जाते हैं। हालांकि अब वे खुद की पार्टी बना चुके हैं और उसके तहत वे चुनाव लड़ते हैं।