दो हफ्ते में छह फीसदी बढ़ गए चीनी के दाम, आने वाले समय में और बढ़ेंगे
मुंबई। गन्ने का उत्पादन कम होने के कारण पिछले दो हफ्ते में चीनी के दाम छह फीसदी तक बढ़ गए हैं। थोक ग्राहकों की ओर से लगातार मांग आने के कारण आगे इनकी कीमतों में और तेजी आने की संभावना है।
रिपोर्ट के अनुसार, चीनी की कीमतों में तेजी से इस क्षेत्र की कंपनियों के मुनाफे में सुधार आ सकता है। इनमें धामपुर, बलरामपुर चीनी, रेणुका सुगर, डालमिया भारत और द्वारिकेश जैसी कंपनियां हैं। इससे यह कंपनियां समय पर किसानों के गन्ने का भुगतान भी कर सकेंगी।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख उत्पाद राज्य महाराष्ट्र में चीनी के उत्पादन के अनुमान में कटौती की गई है। 30 सितंबर को समाप्त होने वाले चीनी के मार्केटिंग साल 2022-23 में यह राज्य 1.05 करोड़ टन चीनी का उत्पादन कर सकता है। पहले यह अनुमान 1.37 करोड़ टन का था।
गर्मी के मौसम में कोल्डड्रिंक और आइस्क्रीम की मांग बढ़ जाती है। इससे चीनी की भी ज्यादा खपत होती है। इस वजह से अगले महीने से चीनी की मांग बढ़ेगी तो इसकी कीमतों में भी तेजी आएगी। साथ ही शादियों के सीजन के कारण भी चीनी की खपत ज्यादा होती है।