सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में आ सकती है भारी कमी, कम होगी महंगाई
मुंबई- जल्द ही सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) के दाम कम होने वाले हैं। पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में गुरुवार को कई अहम फैसले हुए हैं। मंत्रिमंडल ने घरेलू प्राकृतिक गैस कीमत निर्धारण के नए फॉर्मूले को मंजूरी दी है। साथ ही सीएनजी और पाइप से आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस की कीमतों पर अधिकतम सीमा तय की है।
सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंत्रिमंडल बैठक के फैसलों के बारे में जानकारी देते हुए यह बात कही। ठाकुर ने बताया कि मंत्रिमंडल ने एपीएम गैस के लिए 4 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू के आधार मूल्य को मंजूरी दी है। साथ ही अधिकतम मूल्य 6.5 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू रखने पर लगाई मुहर लगी है।
नए फॉर्मूले के तहत अब घरेलू प्राकृतिक गैस की प्राइसिंग अंतर्राष्ट्रीय हब गैस की जगह इंपोर्टेड क्रूड के साथ लिंक होगी। घरेलू गैस की कीमत अब भारतीय क्रूड बास्केट के वैश्विक दाम के मंथली एवरेज का 10% होगी। इसे हर महीने सूचित किया जाएगा। इससे पीएनजी, सीएनजी, फर्टिलाइजर प्लांट आदि को फायदा होगा। जिससे सीधा फायदा आम घरेलू उपभोक्ता से लेकर किसानों, गाड़ी चलाने वालों को होगा।
साथ ही केंद्रीय कैबिनेट ने भारतीय अंतरिक्ष नीति, 2023 को भी मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस नीति के तहत इसरो, न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड और निजी क्षेत्र की संस्थाओं जैसे संगठनों की भूमिकाएं और जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। सरकार ने पहले स्पेस सेक्टर को निजी क्षेत्र के लिए खोल दिया था, ताकि इस सेक्टर के विकास को बढ़ावा दिया जा सके।