सरकार को जमकर मिला टैक्स, 2022-23 में 2.41 लाख करोड़ ज्यादा मिला 

मुंबई- बीते फाइनेंशियल ईयर सरकार के खजाने में जमकर टैक्स (Tax) आया है। वित्त वर्ष 2022-23 में शुद्ध डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन बजट अनुमान से भी ज्यादा रहा है। यह बजट अनुमान से 16.97 फीसदी या 2.41 लाख करोड़ अधिक रहा है।  

सरकार ने सोमवार शाम बीते वित्त वर्ष के लिए डायरेक्ट टैक्स क्लेक्शन के आंकड़े (प्रोविजनल) जारी किये हैं। यह अप्रैल 2022 से मार्च 2023 की अवधि में 16.61 लाख करोड़ रुपये रहा है। वित्त वर्ष 2021-22 में यह 14.12 लाख करोड़ रहा था। इस तरह इसमें 17.63 फीसदी का इजाफा हुआ है। 

डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन के लिए बजट अनुमान 14.20 लाख करोड़ रुपये रखा गया था। इसके बाद इसे संशोधित करके 16.50 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया। इस तरह प्रोविजनल डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन बजट अनुमान से 16.97 फीसदी और संशोधित अनुमान से 0.69 फीसदी अधिक रहा।

वित्त वर्ष 2022-23 के लिए ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 19.68 लाख करोड़ रुपये रहा। इस तरह इसमें 2021-22 की तुलना में 20.33 फीसदी की ग्रोथ आई। वित्त वर्ष 2022-23 में ग्रॉस कॉरपोरेट टैक्स कलेक्शन 10,04,118 करोड़ रुपये रहा। इसमें 16.91 फीसदी की ग्रोथ हुई।

वहीं, वित्त वर्ष 2022-23 में ग्रॉस पर्सनल इनकम टैक्स कलेक्शन 9,60,764 करोड़ रुपये रहा। इसमें एक साल पहले की तुलना में 24.23 फीसदी की ग्रोथ हुई। वित्त वर्ष 2021-22 में यह 7,73,389 करोड़ रुपये रहा था।

वित्त वर्ष 2022-23 में 3,07,352 करोड़ रुपये का रिफंड जारी हुआ। इस तरह इसमें वित्त वर्ष 2021-22 के 2,23,658 करोड़ रुपये की तुलना में 37.42 फीसदी की ग्रोथ दर्ज हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *