13,000 करोड़ के घोटाले वाले मेहुल चौकसी की जानिए आज क्या है हाल 

दिल्ली: इंटरपोल ने पीएनबी घोटाले के आरोपी और भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी के खिलाफ जारी रेड कॉर्नर नोटिस को हटा दिया है। इस खबर का मतलब है कि 13000 करोड़ के पीएनबी घोटाले के वॉन्टेड डायमंड कारोबारी मेहुल चोकसी अब इंटरपोल के लिए वॉन्टेड नहीं है। ये खबर सीबीआई और ईडी के लिए बड़ा झटका है। भगोड़े मेहुल चोकसी ने भारतीय बैंक को 13000 करोड़ का झटका दिया। बैंक घोटाले के बाद भारत छोड़कर भागे इस हीरा कोराबारी ने डायमंड किंग से स्कैम किंग बनने का सफर तय किया। कभी दौलत के पहाड़ पर रहने वाला चोकसी अब किस हालत में है। 

मेहुल चोकसी एक इंटरनेशनल हीरा कारोबारी है। उसका हीरा कारोबार इटली, चीन, जापान, हांगकांग, थाईलैंड , अमेरिकी जैसे देशों में फैला है। मेहुल चोकसी गीतांजलि ग्रुप का मालिक है। 5 मई 1959 को गुजरात के व्यापारी चिनुभाई चोकसी के घर उसका जन्म हुआ। चोकसी ने 1975 में जेम्स और डायमंड कारोबार में कदम रखा। उसने अपने पिता से गीताजंलि जेम्स के कारोबार की जिम्मेदारी हासिल की।  

मेहुल ने अपने गीतांजलि जेम्स ब्रांड से 70 से अधिक ब्रांड डेवलप किए। गिली, नक्षत्र, अस्मि, माया, दिया, संगिनी, गोल्ड एक्सप्रेशंस, डी डमास, विवाद गोल्ड जैसे बड़े ब्रांड बनाए। टीवी विज्ञापनों में आपने बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों को इन ब्रांड्स को इंडोर्स करते हुए देखा होगा। भारत के अलावा दुनिया के कई देशों में इस ब्रांड के स्टोर थे। 

मेहुल चोकसी ने अपने भांजे और हीरा कारोबारी नीरव मोदी के साथ मिलकर पंजाब नेशनल बैंक को 13 हजार करोड़ का चूना लगाया। साल 2018 में जब ये घोटाला सामने आया, उससे पहले मेहुल चोकसी देश छोड़कर भाग गया। लेटर ऑफ अंडरटेकिंग और स्विफ्ट मैसेंजिग सिस्टम का दुरुपयोग करके दोनों ने पीएनबी स्कैम को अंजाम दिया।  

13000 करोड़ के इस घोटाले में 7080.86 करोड़ सी हेराफेरी अकेले मेहुल चोकसी ने की। साल 2018 में पीएमएलए कोर्ट ने मेहुल चोकसी और नीरव मोदी को भगोड़ा घोषित कर दिया। इसी बीच उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया गया। मेहुल चोकसी ने अपने लिए एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता ले ली । 

मेहुल चोकसी के नेतृत्व में गीतांजलि का कारोबार खूब बढ़ा। कंपनी की कमान जब उसने अपने हाथों में संभाली उसका टर्नओवर 50 करोड़ था। चोकसी ने इसका विस्तार दुनियाभर के देशों में किया। साल 2006 में गीतांजलि ने सैम्युल ज्वैलर्स यूएस की कंपनी से करार किया। अमेरिका के 111 बड़े स्टोर्स में उसने अपनी जगह बनाई।  

कम वक्त में ज्यादा पैसा कमाने की चाहत रखने वाले मेहुल चोकसी ने कारोबार को बढ़ाने में हर तिकड़म अपनाए। यहां तक की हीरे की गुणवत्ता से समझौता किया। अगर नेटवर्थ की बात करें मेहुल चोकसी ने खुद बताया था कि भारत छोड़ते वक्त उसके पास 20,000 करोड़ की संपत्ति थी। पीएनबी घोटाले के बाद ईडी और सीबीआई ने उसकी संपत्ति जब्त कर ली। चोकसी ने बताया कि संपत्ति जब्त होने के बाद अब उसके पास कुछ नहीं बचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *