देश में 31,000 पायलटों की होगी जरूरत, 26,000 मैकेनिक्स की आवश्यकता
मुंबई। देश में अगले 20 वर्षों में 31,000 पायलटों और 26,000 मैकेनिक्स की जरूरत होगी। बोइंग इंडिया के प्रेसीडेंट सलिल गुप्ते ने सीआईआई के एक कार्यक्रम में कहा कि दक्षिण एशिया दुनिया में लगातार तेजी से विकसित होने वाला क्षेत्र अगले दो दशकों तक बना रहेगा।
पिछले सितंबर में बोइंग ने 2040 तक भारत के हवाई यातायात में लगभग 7 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया था। उन्होंने कहा कि महामारी के बाद से हवाई यात्रा की मांग में सुधार ने दुनिया को स्तब्ध कर दिया है। बोइंग को हवाई यात्रा के विकास पर वित्तीय संकट का कोई प्रभाव नहीं दिखता है। भारत की हवाई यातायात वृद्धि को देखते हुए बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर बहुत अधिक ध्यान केंद्रित करना होगा। इसमें हवाई अड्डे के साथ-साथ महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचा भी शामिल है।