आयात और निर्यात में भारी गिरावट, फरवरी में दोनों 8 फीसदी से ज्यादा घटे 

मुंबई- विनिर्माण गतिविधियों में कमजोरी से देश का निर्यात सालाना आधार पर लगातार तीसरे महीने गिरा है। फरवरी, 2023 में यह 8.8 फीसदी घटकर 33.88 अरब डॉलर रह गया है जो फरवरी, 2022 में 37.15 डॉलर था। उधर, आयात भी इसी दौरान 8.21 फीसदी गिर कर 51.31 अरब डॉलर रह गया जो एक साल पहले समान अवधि में 55.9 अरब डॉलर था।  

पिछले साल अप्रैल से इस साल फरवरी के बीच देश का निर्यात 7.5 फीसदी बढ़कर 405.94 अरब डॉलर रहा है। इस दौरान आयात भी 18.82 फीसदी बढ़कर 653.47 अरब डॉलर रहा है। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि आंकड़े बहुत उत्साहजनक हैं। हम गति बनाए रखने में सक्षम हैं। इस रुझान को देखते हुए कह सकते हैं कि वित्त वर्ष 2023 में 750 अरब डॉलर के निर्यात के आंकड़े को पार कर जाएंगे। 

वाणिज्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश का व्यापार घाटा फरवरी में 17.43 अरब डॉलर रहा है जो एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है। अप्रैल, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच जिन क्षेत्र में गिरावट रही उसमें प्रमुख रूप से इंजीनियरिंग, जेम्स एवं जूलरी और सोना शामिल रहे। बढ़त वाले क्षेत्रों में कच्चा तेल, कोयला, पेट्रोलियम उत्पाद, केमिकल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक सामान, चावल, तैयार कपड़े और टेक्सटाइल्स रहे। 

बर्थवाल ने कहा, हमने वैश्विक विपरीत परिस्थितियों के बावजूद गति बनाए रखी है। निर्यातकों ने गति बनाए रखी है। सेवा निर्यात बहुत अच्छा कर रहा है। व्यापार घाटा वास्तव में कम हुआ है। उम्मीद है कि हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने अगले वित्त वर्ष के लिए भी लक्ष्य तय करने की कवायद शुरू कर दी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *