यह कंपनी रिलायंस से 10 गुना बढ़ी, 161 अरब डॉलर कमाती है लाभ 

मुंबई- सऊदी अरब की कंपनी सऊदी अरामको ने पिछले साल यानी 2022 में 161.1 अरब डॉलर का रेकॉर्ड लाभ कमाया है। यह किसी लिस्टेड कंपनी का अब तक का सबसे ज्यादा प्रॉफिट है। यह पिछले साल के मुकाबले 46 फीसदी ज्यादा है।  

यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया में कच्चे तेल कीमत 139 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई थी जो 2008 के बाद इसका उच्चतम स्तर था। इसका फायदा सभी तेल कंपनियों को हुआ। सऊदी अरब ने भी इस मौके का फायदा उठाते हुए दोनों हाथों से कमाया। सऊदी अरामको मार्केट कैप के हिसाब से एपल के बाद दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है। इसका मार्केट कैप मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज से दस गुना बड़ा है। 

अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी एपल मार्केट कैप के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है। उसकी मार्केट वैल्यू 2.353 ट्रिलियन डॉलर है। इस लिस्ट में सऊदी अरामको दूसरे नंबर पर है। उसका मार्केट कैप 1.933 ट्रिलियन डॉलर है। इस सूची में शामिल टॉप 10 कंपनियों में आठ अमेरिका की है। भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज इस लिस्ट में 50वें नंबर पर है। इसका मार्केट कैप 186.83 अरब डॉलर है। लेकिन प्रॉफिट के मामले में सऊदी अरामको पहले नंबर पर है। कंपनी ने पिछले साल 161.1 अरब डॉलर का प्रॉफिट कमाया जो दुनिया के दूसरे सबसे बड़े रईस एलन मस्क की नेटवर्थ के बराबर है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक मस्क की नेटवर्थ 165 अरब डॉलर है। 

सऊदी अरामको दुनिया की सबसे बड़ी ऑयल प्रॉड्यूसर कंपनी है। इसकी स्थापना 1933 में अमेरिकी कंपनी के रूप में हुई थी और इसने 1938 में तेल निकालने की शुरुआत की थी। सऊदी सरकार ने 1973 में इसमें 25 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी और फिर 1970 के दशक के अंत में इसमें 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली। इसका हेडक्वार्टर भी अमेरिका से सऊदी शिफ्ट कर दिया गया। आज इस कंपनी के पास 261.1 अरब बैरल तेल भंडार है जो अमेरिका की कंपनी ExxonMobil से दस गुना ज्यादा है। यह कंपनी रोजाना 95.4 लाख बैरल तेल निकालती है। दुनिया में हर आठ बैरल में से एक बैरल तेल इस कंपनी का होता है। 2019 में यह कंपनी आईपीओ लाई थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *