वाहनों का निर्यात फरवरी में 35 फीसदी घटा, दोपहिया वाहनों पर ज्यादा असर
मुंबई। भारत से दोपहिया, यात्री वाहनों और तिपहिया वाहनों के निर्यात में फरवरी में 35 फीसदी की गिरावट आई है। इसका मुख्य कारण अमेरिका के मुकाबले रुपया का कमजोर होना है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी 2022 में दोपहिया, यात्री वाहनों और तिपहिया वाहनों का निर्यात घटकर 3,01,561 इकाई रह गया, जो फरवरी 2022 में 4,63,025 इकाई था।
दोपहिया वाहनों का निर्यात पिछले महीने 37 फीसदी घटकर 2,35,087 इकाई रहा। एक साल पहले यह 3,75,689 इकाई था। मोटरसाइकिल का निर्यात 3.49 लाख से घटकर 2.01 लाख रह गया। फरवरी 2022 में 24,830 स्कूटर का निर्यात हुआ था जो इस साल बढ़कर 33,378 इकाई हो गया। फरवरी में कुल तिपहिया वाहनों का निर्यात 45 फीसदी घटकर 19,640 इकाई रहा, जो पिछले साल इसी महीने में 35,997 इकाई था।