यात्री वाहनों की थोक बिक्री का टूटा रिकॉर्ड, फरवरी में बिके 2.92 लाख 

मुंबई- कार और यूटिलिटी वाहनों में जबरदस्त तेजी से वाहन विनिर्माताओं ने फरवरी, 2023 में 2.92 लाख यात्री वाहनों की थोक बिक्री की। किसी भी फरवरी में यह अब तक की सर्वाधिक बिक्री है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने शुक्रवार को कहा, फरवरी, 2022 में 2,62,984 वाहनों की तुलना में इस बार 11 फीसदी अधिक बिक्री हुई है। 

यात्री कारों की बिक्री फरवरी माह में बढ़कर 1,42,201 हो गई। एक साल पहले की समान अवधि में 1,33,572 वाहन बिके थे। स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहनों (एसयूवी) सहित यूटिलिटी वाहनों की बिक्री पिछले महीने 1,20,122 से बढ़कर 1,38,238 हो गई। 

मारुति सुजुकी ने पिछले महीने डीलरों को 1,02,565 वाहन दिए थे। यह फरवरी, 2022 के 99,398 वाहन से तीन फीसदी अधिक है। इसी तरह दोपहिया वाहनों की बिक्री भी फरवरी महीने के दौरान आठ फीसदी बढ़कर 11,29,661 रही। पिछले साल फरवरी में 10,50,079 दोपहिया वाहन बिके थे। 

मोटरसाइकिल की बिक्री पिछले महीने 6,58,009 से बढ़कर 7,03,261 पर पहुंच गई। स्कूटर की बिक्री 3,56,222 से बढ़कर 3,91,054 हो गई। तिपहिया वाहनों की बिक्री 86 फीसदी बढ़कर 50,382 हो गई। सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि यह फरवरी में यात्री वाहनों की अब तक की सबसे अधिक बिक्री है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *