36 दिन बाद अदाणी के सारे शेयरों में तेजी, मार्केट कैप 44 हजार करोड़ बढ़ा
मुंबई- हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद से लगातार गिरावट झेल रहे अदाणी के सारे शेयरों में पहली बार तेजी आई है। बुधवार को समूह के सभी 10 शेयरों में 14.70 फीसदी तक की तेजी रही। हालांकि, मंगलवार को भी 10 में से 8 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। दो दिनों की इस तेजी से समूह का पूंजीकरण अब 7.56 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
समूह का पूंजीकरण सोमवार को 6.82 लाख करोड़, मंगलवार को 7.12 लाख करोड़ और बुधवार को 7.56 लाख करोड़ रुपये पर बंद हुआ। हालांकि, 24 जनवरी को 19.20 लाख करोड़ रुपये की तुलना में यह अभी भी 11.64 लाख करोड़ रुपये कम है। दो दिनों की तेजी से समूह के मालिक गौतम अदाणी अमीरों की सूची में 38वें स्थान से उछलकर अब 33वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी संपत्ति बुधवार को 4.4 अरब डॉलर बढ़कर 37.7 अरब डॉलर रही।
अदाणी समूह ने एक सॉवरेन वेल्थ फंड से तीन अरब डॉलर के कर्ज को सुनिश्चित किया है जिससे इसकी वित्तीय स्थितियों को मजबूती मिलेगी। हालांकि, यह कर्ज पांच अरब डॉलर तक भी हो सकता है। समूह का पूंजी जुटाने का तीन दिन का रोड शो बुधवार को समाप्त हुआ। मंगलवार को इसने कहा था कि 79 करोड़ डॉलर का कर्ज वह मार्च तक चुका देगा।