भारत में गैस, खाद, कॉफी और चाय जैसे 10 सामानों के भाव दोगुने बढ़े 

मुंबई- इस साल देश में जनवरी में गैस, खाद, कॉफी-चाय, कॉटन और खाद्य तेल जैसे करीब 10 वस्तुओं के दाम दोगुने तक हो गए। इसके उलट अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ये 48% तक सस्ते हुए। बीते माह देश में रिटेल महंगाई दर एक बार फिर 6.5% तक पहुंचने की एक वजह ये भी रही। बीते साल नवंबर और दिसंबर में महंगाई दर 6% से नीचे आ गई थी। 

वैश्विक बाजार में बीते माह यूरिया के भाव सबसे ज्यादा 47.6% घटे, लेकिन भारतीय बाजार में इसकी थोक महंगाई दर 5.2% रही। प्राकृतिक गैस के मामले में सबसे ज्यादा अंतर देखा गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जहां इसकी कीमत में 28.6% गिरावट आई, वहीं घरेलू बाजार में दाम 95% से ज्यादा बढ़ गए। कॉटन के भाव भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 24.1% घटने के मुकाबले घरेलू बाजार में 8.6% बढ़े हैं। 

इस साल कॉटन की आवक करीब 40% कम है। भाव और बढ़ने की उम्मीद में किसानों ने फसल रोक रखी है। इसी तरह मूंगफली का उत्पादन बीते सीजन से 16.4% कम रहा है। इन दोनों के दाम बढ़ने की सबसे बड़ी वजह यही है। मुख्य रूप से डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट के चलते घरेलू बाजार में आयातित वस्तुओं की कीमतें कम नहीं हो पा रही हैं। इसके अलावा खपत बढ़ना भी इसकी एक वजह है। 1 जनवरी 2022 को रुपया 74.51 प्रति डॉलर था, जो अभी 83 के करीब पहुंच गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *