रूस से आयात 384 फीसदी बढ़कर 37 अरब डॉलर, चीन से 9 फीसदी बढ़ा
मुंबई- रूस से देश का आयात अप्रैल से जनवरी के दौरान 384 फीसदी बढ़कर 37.31 अरब डॉलर हो गया है। इसमें कच्चे तेल का योगदान सर्वाधिक रहा है। 2021-22 में रूस भारत का 18वां सबसे बड़ा आयातक भागीदार देश था। उस समय 9.86 अरब डॉलर का आयात हुआ था। अब यह पांचवां सबसे बड़ा आयातक देश है।
चीन और अमेरिका के बाद भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कच्चे तेल का आयातक है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, चीन से आयात 9 फीसदी बढ़कर 83.76 अरब डॉलर हो गया है। इसी तरह से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से यह 23.53 फीसदी बढ़कर 44.3 अरब डॉलर हो गया है। अमेरिका से आयात 25 फीसदी बढ़कर 42.9 अरब डॉलर हो गया है।
भारत से निर्यात के मामले में अमेरिका 17.71 फीसदी के साथ पहले स्थान पर रहा है। कुल 65.4 अरब डॉलर का निर्यात हुआ है। यूएई को 25.71 अरब डॉलर और चीन को केवल 12.2 अरब डॉलर का निर्यात हुआ है।