मोदी पर वृत्तचित्र का असर, बीबीसी के मुंबई -दिल्ली ऑफिस पर आईटी छापा 

मुंबई- BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर मंगलवार सुबह 11 बजे आयकर विभाग (IT) की टीम ने सर्वे शुरू किया। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार BBC पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप है। BBC ने ट्वीट कर बताया- आयकर विभाग की टीम दिल्ली और मुंबई ऑफिस में मौजूद हैं। हम उन्हें पूरा सहयोग कर रहे हैं। सर्वे का काम अभी भी जारी है। ऑफिस में काम भी शुरू हो गया है। 

इधर, कांग्रेस पार्टी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर इस कार्रवाई को अघोषित आपातकाल बताया। दिल्ली के KG मार्ग एरिया में HT टावर की पांचवीं और छठी मंजिल पर BBC का ऑफिस है। यहां IT की 24 मेंबर्स की टीम ने रेड की है। इधर, मुंबई के सांताक्रूज इलाके में BBC स्टूडियोज पर भी इनकम टैक्स विभाग की टीम पहुंची है। टीम ने फाइनेंस डिपार्टमेंट के लोगों के मोबाइल, लैपटॉप-डेस्कटॉप जब्त किए हैं। अफसरों के मुताबिक, इनका बैकअप लेकर इन्हें वापस कर दिया जाएगा। 

आयकर के अधिकारियों ने बताया कि विभाग ने सिर्फ कंपनी के व्यावसायिक परिसर पर सर्वे किया है। प्रमोटर और डायरेक्टर के घर और अन्य जगहों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इधर, ब्रिटिश सरकार के सूत्रों ने बताया कि ब्रिटेन गवर्नमेंट टैक्स सर्वे की कार्रवाई की रिपोर्ट की बारीकी से निगरानी कर रही है। 

सूत्रों ने बताया कि एक्शन के दौरान स्टाफ के फोन बंद करा दिए गए थे और सभी को मीटिंग रूम में बैठने को कहा गया था। हालांकि करीब 6 घंटे बाद शाम करीब 5 बजे के करीब BBC के कर्मचारियों को अपना काम करने की इजाजत दे दी गई। 

BBC के ऑफिसों पर कार्रवाई को कांग्रेस ने PM मोदी पर बनी उसकी डॉक्यूमेंट्री से जोड़ा है। पार्टी ने ट्वीट कर इसे अघोषित आपातकाल बताया है। पार्टी ने अपने ट्वीट में लिखा- पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल। 

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- यहां हम अडाणी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने सर्वे को चौंकाने वाली खबर बताया है। मोइत्रा ने ट्वीट किया- BBC के दिल्ली दफ्तर में आयकर की छापेमारी…बहुत खूब…चौंकाने वाला। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *