छह दिन में अदाणी की संपत्ति 4.54 लाख करोड़ रुपये घटी, 16वें स्थान पर 

मुंबई- अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी की मुसीबतें कम नहीं हो रही है। हिंडनबर्ग की आई रिपोर्ट का असर अभी खत्म नहीं हुआ कि क्रेडिट सुइस की रिपोर्ट ने अब उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसका असर यह हुआ कि 6 दिन में अदाणी की संपत्ति 4.54 लाख करोड़ रुपये घटकर 5.29 लाख करोड़ रुपये रह गई है। 24 जनवरी को जब हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई थी, तब उनकी संपत्ति करीब दस लाख करोड़ रुपये यानी 120 अरब डॉलर थी जो अब 64.6 अरब डॉलर है। 

फोर्ब्स की सूची के मुताबिक, गौतम अदाणी इसी के साथ बृहस्पतिवार को अमीरों की सूची में अब 16वें स्थान पर खिसक गए हैं। सितंबर, 2022 में उनकी संपत्ति 155 अरब डॉलर थी और वे दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी थे। तब से अब तक उनकी संपत्ति में करीब 90 अरब डॉलर यानी 7.38 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। बृहस्पतिवार को उनकी संपत्ति 24 अरब डॉलर या 27 फीसदी घट गई। ब्लूमबर्ग की बिलिनेयर रिपोर्ट के अनुसार, अदाणी की संपत्ति इस साल 48 अरब डॉलर से ज्यादा घट गई है। 

हिंडनबर्ग के बाद बुधवार को क्रेडिट सुइस ने एक रिपोर्ट जारी की। उसने कहा कि अब वह अपने निजी बैंकों के ग्राहकों के मार्जिन के रूप में अदाणी समूह के बांड्स को जमानत के तौर पर स्वीकार नहीं करेगी। इस खबर से बुधवार को अदाणी समूह के शेयर 28 फीसदी से ज्यादा टूट गए। स्विटजरलैंड की इस फर्म की बैंकिंग कंपनी अदाणी पोर्ट एवं स्पेशल इकोनॉमिक जोन, अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी इलेक्ट्रिसिटी के लिए काम करती है। इसी तरह सिटी बैंक ने भी उनके बांड्स को जमानत के तौर पर स्वीकार करने से मना कर दिया है। ऐसे में समूह को बैंकों से पूंजी जुटाने में मुश्किल आ सकती है जिससे कारोबार विस्तार का काम रुक सकता है। 

समूह की कुल 11 कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। 24 जनवरी को इनका बाजार पूंजीकरण 19.20 लाख करोड़ रुपये था। बृहस्पतिवार को यह घटकर 10.43 लाख करोड़ रुपये पर आ गया। यानी इसमें 8.77 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। इस वजह से अदाणी की खुद की संपत्ति में भी गिरावट आई है। उनकी अधिकतर कंपनियों में प्रवर्तकों की हिस्सेदारी 60 फीसदी से ऊपर है। इसलिए उनको ज्यादा घाटा हो रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *