जबलपुर ग्रुप वाला दैनिक भास्कर मुंबई से भी छपेगा, संपादक की तलाश शुरू
मुंबई- जबलग्रुप वाला दैनिक भास्कर अब मुंबई से भी छपने की तैयारी में है। इसके लिए जोर शोर से स्थानीय संपादक की तलाश शुरू है। खबर है कि कुछ दिन पहले ही इसके समूह संपादक प्रकाश दूबे ने मुंबई में दर्जनों पत्रकारों से मुलाकात की है। इसमें कुछ नाम तय भी हो गए हैं।
दरअसल, प्रकाश दूबे नवभारत टाइम्स के पूर्व पत्रकार हैं। ऐसे में उनकी कोशिश है कि कोई नवभारत टाइम्स वाला ही स्थानीय संपादक बने। इसके लिए उन्होंने पिछले दिनों मुंबई के प्रेस क्लब में नवभारत टाइम्स के वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों से मुलाकात की। भास्कर की आहट से कई सारे लोग अपनी रोटी सेंकने की जुगाड़ लगा रहे हैं। हालांकि पूरा फैसला नागपुर प्रबंधन के हाथ में है।
सूत्रों ने बताया कि इस मुलाकात में एक नाम तय हुआ है जो अभी एनबीटी मुंबई में ही कार्यरत है। कुछ पूर्व लोगों से भी दूबे ने बात की, पर उन्होंने जुड़ने से मना कर दिया। सूत्रों का कहना है कि कुछ भास्कर के ही लोग अपनी जुगाड़ लगा रहे हैं स्थानीय संपादक के लिए, पर प्रबंधन उनके नाम पर राजी नहीं है।
उधर, स्थानीय संपादक के अलावा अन्य टीम भी तैयार की जा रही है। बीएमसी, हेल्थ से लेकर अपराध और अन्य बीट के रिपोर्टरों की भी बात हो रही है। इसमें नवभारत और नवभारत टाइम्स से लोगों को लाए जाने की कोशिश है।
जबलपुर ग्रुप के पास कुल 7 संस्करण हैं। इसमें चार मध्य प्रदेश में और तीन महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में इसका मुकाबला नवभारत और लोकमत समाचार से होता है जो नागपुर, अकोला और अमरावती में हैं। हालांकि यहां नवभारत मजबूत है। भास्कर जबलपुर, सतना, छिंदवाडा और सिंगरौली में मजबूत है।
उधर, मूल दैनिक भास्कर यानी डीबी कार्प का लिंक्डइन पर एक वैकेंसी चर्चा में है। इस समूह ने राजस्थान के पाली के लिए डेप्यूटी न्यूज एडिटर की वैकेंसी निकाली है जिसे सालाना एक लाख से तीन लाख पचास हजार की सैलरी देने की बात कही है। चर्चा यह है कि आज के जमाने में डेप्यूटी न्यूज एडिटर के पद पर एक लाख रुपये साल में कौन जाएगा। अब तो इतना कम वेतन नौसिखिए पत्रकारों को भी क्या दिहाड़ी मजदूरों को भी नहीं मिलता है। पर भास्कर की यह वैकेंसी चर्चा में है।