58 फीसदी बिल्डरों ने कहा, कर्ज महंगा होने के बाद मकानों के भाव भी बढ़ेंगे
मुंबई- हाल में कर्ज महंगे होने के बाद अब इस साल मकानों की कीमतें भी बढ़ेंगी। एक सर्वे में कहा गया है कि 58 फीसदी बिल्डर मानते हैं कि तमाम तरह की लागत बढ़ने के कारण उनको भाव बढ़ाना होगा। हालांकि, 32 फीसदी का मानना है कि भाव स्थिर रह सकता है।
क्रेडाई, कोलियर्स इंडिया और लियासेस फोरस के एक सर्वे में कहा गया है कि 43 फीसदी बिल्डरों का मानना है कि 2023 में मकानों की मांग स्थिर बनी रहेगी। 31 फीसदी कहते हैं कि मकानों की मांग में 25 फीसदी की तेजी आ सकती है।
इस सर्वे में देश भर के 341 बिल्डरों को शामिल किया गया था। मकानों की ज्यादा मांग और इनपुट लागत से इनकी कीमतें पिछली कुछ तिमाहियों में बढ़ी हैं। बिल्डरों का कहना है कि सरकार को कारोबार करने में आसानी जैसा कुछ उपाय करना चाहिए। क्योंकि कई सारी दिक्कतें हैं। साथ ही घर खरीदार ब्याज दरें बढ़ने के बाद भी मकानों को खरीदने के लिए दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
बिल्डर इस समय ऐसे मकान बनाने पर फोकस कर रहे हैं जो ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार हैं। साथ ही जो लंबित प्रोजेक्ट हैं, उसे भी जल्दी पूरा करना चाहते हैं। 46 फीसदी बिल्डरों ने कहा कि संभावित मंदी का बहुत कम असर उनके कारोबार पर होगा। 31 फीसदी मानते हैं कि मामूली असर होगा।