नेपाल में विमान हादसा, 68 की मौत, 5 उत्तर प्रदेश के, लाइव वीडियो जारी
मुंबई- नेपाल के पोखरा में रविवार को विमान हादसे में 68 लोगों की मौत हो गई। इनमें पांच भारतीय भी थें। हालांकि फिलहाल 4 भारतीयों के मौत की पुष्टि हुई है। चारों उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के हैं। पांचवां यात्री भी यूपी का ही है, लेकिन वो किस जिले से है यह पता नहीं चल सका है। उसके मौत की भी पुष्टि नहीं हुई है। विमान में कुल 72 लोग सवार थे, इनमें 4 क्रू मेंबर्स भी थें।
अब इस हादसे से चंद सेकेंड पहले का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि गाजीपुर के एक युवक ने प्लेन के लैंड होने से ठीक पहले ये वीडियो अपने फेसबुक लाइव पर शेयर किया था। ये सभी तीन दिन पहले नेपाल घूमने गए थे।
गाजीपुर के सोनू जायसवाल हादसे के वक्त फेसबुक पर लाइव थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनू पहले खुद को और बाद में विमान में बैठे बाकी यात्रियों को दिखाता है। प्लेन में अब तक सब कुछ ठीक था। कुछ ही देर में अचानक मरा-मरा-मरा की आवाज आने लगती है। पूरे विमान में चिख-पुकार मच जाती है और कुछ ही देर में वीडियो धुंधला हो जाता है। यानी तब हादसा हो चुका था।
पांचों युवक उत्तर प्रदेश के थे। इनमें सोनू जायसवाल, अभिषेक कुशवाहा, अनिल कुमार राजभर और विशाल शर्मा यूपी के गाजीपुर के हैं। जबकि, पांचवें संजय जायसवाल भी यूपी के ही हैं। लेकिन कहां के हैं, यह पता नहीं लग सका है।
सोनू जासवाल गाजीपुर के कासिमाबाद के रहने वाले थे। वह 4 दोस्तों के साथ नेपाल घुमने गए थे। उनके चचेरे भाई रजत जायसवाल ने यह वीडियो देते हुए बताया कि हम लोगों को तो पहले घटना के बारे में पता ही नहीं था। बाद में टीवी पर देखा तो जानकारी मिली। जब भाई को फोन किया, तो उनका फोन बंद आ रहा था। इसके बाद भाई की फेसबुक से यह वीडियो मिला है। हम लोगों ने वहीं से निकालकर इसे सेव किया है।
बता दें, हादसे में मरने वाले अनिल राजभर (28) जहूराबाद में जनसेवा केंद्र चलाते थे। विशाल शर्मा (23) TVS एजेंसी में फाइनेंस का काम करते थे। अभिषेक सिंह कुशवाहा (23) अलावलपुर में जनसेवा केंद्र चलाते थे। सोनू जयसवाल (28) शराब का ठेका चलते थे।
सोनू जायसवाल के परिवार के लोगों ने बताया-घूमने जाने से पहले सोनू अपने बेटे का मुंडन करवाने बालाजी गया हुआ था। इसके बाद वो दोस्तों के साथ घूमने के लिए नेपाल चला गया। सोनू की 2 बेटियां भी हैं।
विमान को कैप्टन कमल केसी उड़ा रहे थे। 68 यात्रियों में से 53 नेपाली, 5 भारतीय, 4 रूसी, एक आयरिश, दो कोरियन, एक अफगानी और एक फ्रेंच नागरिक थे। इनमें 3 नवजात और 3 लड़के भी शामिल हैं।