सोने का आयात दिसंबर में 79 फीसदी गिरा, पिछले 20 वर्षों का निचला स्तर
मुंबई- देश में सोने का आयात पिछले साल दिसंबर में 79 फीसदी गिर कर 20 टन हो गया। एक साल पहले इसी महीने में यह 95 टन था। पिछले 20 वर्षों में किसी एक महीने का यह सबसे निचला स्तर है। घरेलू बाजार में सोने की कीमतों के 56 हजार के पार पहुंचने से इसकी खरीदारी कम हो गई जिससे आयात पर असर पड़ा है। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
दिसंबर, 2022 में 1.18 अरब डॉलर का आयात जबकि दिसंबर, 2021 में 4.73 अरब डॉलर का आयात हुआ था। 2022 में 706 टन सोना यानी 36.6 अरब डॉलर का आयात किया गया जो 2021 में 1,068 टन था और इसकी कीमत 55.8 अरब डॉलर थी।
देश में सोने की कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ गई, इससे खरीदारी कम हुई है। साथ ही जुलाई, 2022 में आयात शुल्क बढ़ने से सोने की तस्करी भी बढ़ गई है। हालांकि इससे भारत के ट्रेड घाटे पर लगाम लगेगी। रुपये में मजबूती आएगी।
आगे शादियों के मौसम से सोने की कीमतें ऊपर ही रह सकती हैं।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 9 जनवरी को भारतीय बाजार में सोना 749 रुपए महंगा होकर 56 हजार 336 रुपए पर पहुंच गया था। इससे पहले अगस्त 2020 में सोना प्रति 10 ग्राम 56 हजार 200 रुपए पर था। विश्लेषकों के मुताबिक, इस साल सोने की कीमतें 60 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं। बीते साल सोना 48,279 रुपए से बढ़कर 54,867 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी 2022 में सोने के दाम में 6,588 रुपए की तेजी देखी गई।