सोना अपने ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचा, अब 56,336 रुपये के पार हुआ
मुंबई- सोना सोमवार को अपने ऑल टाइम हाई तक पहुंच गया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, 9 जनवरी को सर्राफा बाजार में सोना 749 रुपए महंगा होकर 56 हजार 336 रुपए पर पहुंच गया है। इससे पहले अगस्त 2020 में सोना सबसे महंगा हुआ था। तब 10 ग्राम के दाम 56 हजार 200 रुपए हुए थे। एक्सपर्ट के मुताबिक, इस साल सोने की कीमतें 60 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं।
चांदी की बात करें तो इसकी कीमत में भी शानदार तेजी देखने को मिली है। सर्राफा बाजार में ये 1,186 रुपए महंगी होकर 69,074 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है। 6 जनवरी को ये 67,888 हजार पर थी। केंद्रीय बैंकों की तरफ सोने की खरीदारी बढ़ना सकारात्मक संकेत है। इससे सोने की कीमतों को सपोर्ट मिलेगा। 2023 में सोना 64,000 रुपए तक पहुंच सकता है।
बीते साल सोने-चांदी की कीमतों में शानदार तेजी देखने को मिली। इस साल सोना 48,279 रुपए से बढ़कर 54,867 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी 2022 में सोने के दाम में 6,588 रुपए की तेजी देखी गई। वहीं 2022 में चांदी 62,035 रुपए से बढ़कर 68,092 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। यानी, इस साल इसकी कीमत में 6,057 रुपए की तेजी आई।