देश के रियल एस्टेट कारोबार में बड़ी घोषणा कर सकते हैं जूनियर ट्रंप
मुंबई- अमेरिकी कंपनी ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष डोनल्ड ट्रंप जूनियर इस महीने भारत आ सकते हैं। इस दौरे में वह भारतीय रियल एस्टेट बाजार में विस्तार की घोषणा भी कर सकते हैं। ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन मुंबई के ट्रिबेका डेवलपर्स के साथ साझेदारी में भारतीय रियल एस्टेट बाजार में उतरी है। अमेरिकी कंपनी और ट्रिबेका ने ‘ट्रंप’ ब्रांड के तहत महंगी परियोजनाओं के विकास के लिए मुंबई के लोढ़ा समूह समेत स्थानीय डेवलपरों के साथ करार किए हैं। डोनल्ड ट्रंप जूनियर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बेटे हैं।
ट्रिबेका डेवलपर्स ने बयान में कहा, डोनल्ड ट्रंप जूनियर ट्रिबेका डेवलपर्स की दसवीं वर्षगांठ के समारोह में शामिल होने के लिए इस महीने भारत आ सकते हैं। इस दौरे में ट्रिबेका के संस्थापक कल्पेश मेहता भी शामिल रहेंगे। मेहता ने कहा, ‘ट्रिबेका और ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन की कारोबारी साझेदारी बीते दस साल से है। समय बीतने के साथ यह और मजबूत हुई है।
देश में अभी चार ट्रंप परियोजना हैं। ट्रंप टावर दिल्ली-एनसीआर, ट्रंप टावर कोलकाता, ट्रंप टावर पुणे और ट्रंप टॉवर मुंबई। पुणे में पंचशील रियल्टी के साथ ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन की साझेदारी वाली परियोजना पूरी हो चुकी है। 2014 में इसने लोढ़ा समूह के साथ मुंबई में रियल एस्टेट कारोबार के लिए समझौता किया था। यह प्रोजेक्ट अभी भी बन रहा है। नवंबर, 2017 में ट्रंप ने कोलकाता में प्रोजेक्ट शुरू किया था।