सेंसेक्स 62,293 के साथ नई ऊंचाई पर बंद, पर 6 शेयरों ने निवेशकों को डुबोया
मुंबई। हफ्ते के अंतिम दिन भी भारतीय शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ है। शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 20.96 अंक तेजी के साथ 62,293.64 पर बंद हुआ। दिन में यह 175 अंकों की बढ़त के साथ 62,447.73 का सार्वकालिक ऊपरी स्तर बनाया था।
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 28.65 अंक बढ़त के साथ 18,512.75 पर बंद हुआ। इसका भी यह अब तक का सर्वोच्च स्तर है। दिन में इसने 18,534 का ऊपरी स्तर बनाया था। इसके 50 में से 21 शेयर गिरावट में और 29 तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 बढ़त में और 15 गिरावट में बंद हुए। बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में रिलायंस, विप्रो, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, मारुति और टाटा स्टील सहित अन्य रहे। गिरने वाले प्रमुख शेयरों में नेस्ले, कोटक बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक रहे। सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 284.56 लाख करोड़ रुपये रहा जो बृहस्पतिवार को 283.70 लाख करोड़ था। सेंसेक्स के कुल 3,632 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से 2,119 बढ़त में और 1,386 गिरावट में रहे।
उधर, सोना शुक्रवार को 270 रुपये टूटकर 52,837 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। बृहस्पतिवार को यह 53 हजार रुपये के पार बंद हुआ था। इसी तरह से चांदी भी 705 रुपये कमजोर होकर 61,875 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई जो कि बृहस्पतिवार को 62 हजार रुपये के पार बंद हुई थी। विश्लेषकों के कहा कि रुपये के मजबूत होने से सोने और चांदी पर असर दिखा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना 1,752 डॉलर प्रति औंस और चांदी 21.30 डॉलर प्रति औंस पर थी। उधर, डॉलर के मुकाबले रुपया 8 पैसा मजबूत होकर 81.62 पर बंद हुआ।
एक साल में छह कंपनियों में निवेशकों को दो लाख करोड़ का घाटा
नए दौर की छह कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाना निवेशकों को घाटे का सौदा साबित हुआ है। एक साल में इन कंपनियों में निवेशकों को दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इनमें जोमैटो, नायका, पेटीएम, कारट्रेड, डेलहीवरी और पॉलिसीबाजार हैं। इनके बाजार पूंजीकरण में 2.13 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। सबसे ज्यादा घाटा पेटीएम से हुआ है।
कंपनी | घाटा (करोड़ रुपये) | फीसदी में घाटा |
पेटीएम | 66,000 | 65.40 फीसदी |
नायका | 51,470 | 49.34 फीसदी |
जोमैटो | 40,910 | 49.34 फीसदी |
पॉलिसीबाजार | 37,270 | 68.98 |
डेलहीवरी | 12,174 | 31.33 |
कारट्रेड | 4,568 | 66.40 |