जी-20 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था होगा भारत
मुंबई- अगले साल तक जी-20 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था भारत होगा। मूडीज ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में कहा कि ऊंची महंगाई के कारण देश की विकास दर पर जोखिम रहेगा क्योंकि लोग और कारोबारियों की खरीदने की क्षमता कम हो गई है। एजेंसी ने कहा कि धीरे-धीरे राजकोषीय समेकन की प्रवृत्ति बरकरार है और आगे चलकर देश को मजबूत राजस्व प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
एजेंसी ने इससे पहले 2022 में देश की विकास दर का अनुमान 7 फीसदी लगाया था जो पहले 7.7 फीसदी था। 2023 में यह अनुमान घटकर 4.8 फीसदी और 2024 में यह बढ़कर 6.4 फीसदी है। जीृ-20 की जीडीपी वृद्धि दर में 1.3 फीसदी की गिरावट 2023 में आ सकती है।
उधर, ओईसीडी ने कहा है कि ऊंची ब्याज दरें और महंगाई के साथ रूस और यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था के इस साल मामूली वृद्धि हासिल करने की उम्मीद है। 2023 में इसकी वृद्धि की रफ्तार और धीमी हो सकती है। इसने कहा कि इस साल इसकी वृद्धि दर 3.1 फीसदी रह सकती है जो 2021 में 5.9 फीसदी की तुलना में काफी कम रहेगी। 2023 में अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था केवल 2.2 फीसदी की दर से बढ़ सकती है।