कोरोना के बाद नई कंपनियां खोलने के मामले में यूपी दूसरे स्थान पर 

मुंबई- कोरोना के बाद देश में नई कंपनियां खुलने के मामले में उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर हैं। यहां पिछले तीन सालों में 30 हजार कंपनियां खोली गई हैं। जबकि महाराष्ट्र में इसी दौरान 60,000 नई कंपनियां खोली गई हैं। यूपी ने इस मामले में दिल्ली को पीछे छोड़ दिया है। 

कॉरपोरेट मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि कोरोना के तीन साल बाद उत्तर प्रदेश ने दिल्ली, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे राज्यों को उद्योग लगाने के मामले में पीछे छोड़ दिया है। यहां पर कुल 1.08 लाख सक्रिय कंपनियां हैं। इस मामले में यूपी देश में तीसरे स्थान पर है। सितंबर अंत तक महाराष्ट्र में कुल 3 लाख सक्रिय कंपनियां थीं जबकि दिल्ली में 2.2 लाख कंपनियां थीं। 1.04 लाख के साथ कर्नाटक चौथे और 99,038 कंपनियों के साथ तमिलनाडु पांचवें स्थान पर काबिज है। 

आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के लगातार विकास का सीधा असर दिल्ली पर पड़ा है, जिससे वहां सक्रिय और नई कंपनियों का दबदबा घटता जा रहा है। 2017 से दिल्ली में केवल 20,000 कंपनियां ही खुलीं हैं। सक्रिय कंपनियों में दिल्ली की हिस्सेदारी उस समय 20 फीसदी थी जो अब घटकर 15 फीसदी पर आ गई है। 

2017 सितंबर में उत्तर प्रदेश कंपनियों की संख्या के मामले में सातवें स्थान पर था। उस समय उससे आगे तमिलनाडु, तेलंगाना और गुजरात थे। अब यह सभी उससे पीछे हो गए हैं। महाराष्ट्र में नई कंपनियां सबसे ज्यादा मुंबई और इसके आस-पास इलाकों में खुली हैं। 

आंकड़ों के मुताबिक, 2021-22 में देश भर में 1.67 लाख कंपनियां पंजीकृत हुई थीं जो 2020-21 में 1.55 लाख थीं। 2019-20 में 1.22 लाख, 2018-19 में 1.24 लाख कंपनियां पंजीकृत हुई हैं। 2021-22 में महाराष्ट्र में 31,107 कंपनियां, उत्तर प्रदेश में 16,969, दिल्ली में 16,323 कंपनियां खुली थीं। क्षेत्र के आधार पर सबसे अधिक 44,168 कंपनियां कारोबार सेवाओं में और 34,640 विनिर्माण के क्षेत्र में थीं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *