7 महीने के उच्च स्तर पर पहुंचा सोने का भाव, 52877 रुपये दस ग्राम 

मुंबई- सोने में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। यह 7 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार को 24 कैरेट सोने की कीमत 52,877 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। इससे पहले इसी साल 20 अप्रैल को सोना 52,752 रुपए पर था। एनालिस्ट के मुताबिक देश में लाखों की तादाद में शादियां और डॉलर कमजोर होने से सोने में तेजी देखी जा रही है। 

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 3 नवंबर को सोने की कीमत घटकर 50,114 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई थी। इस हिसाब से बीते सात दिन में सोना 2,763 रुपए महंगा हो गया। 5,6 और 8 नवंबर को सर्राफा बाजार बंद था। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा कि मौजूदा हालात सोने के पक्ष में है। अगले साल जनवरी तक यह तेजी जारी रह सकती है। 

सोने की कीमत बढ़ने के बड़े कारण 

1. शादियों के लिए खरीदारी 

14 नवंबर से लेकर 14 दिसंबर के बीच देश में 30 लाख से ज्यादा शादियां होने का अनुमान है। इसके लिए गहनों की खरीदारी शुरू हो गई है। इसके चलते सोने की मांग बढ़ गई है। 

2. डॉलर में बड़ी गिरावट 

अमेरिका में बीते माह अनुमान से कम महंगाई के कारण डॉलर इंडेक्स तीन महीनों के निचले स्तर पर आ गया है। डॉलर की वैल्यू गिरने का सीधा असर सोने में तेजी के रूप में नजर आता है। 

3. चीन में नए साल का जश्न 

चीन में सोने की खपत सबसे ज्यादा होती है। वहां 20 जनवरी से नए साल का जश्न चलेगा। इसकी तैयारी काफी पहले से शुरू हो जाती है और सोने की खरीद बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *