22 नवंबर से आ सकता है एनडीटीवी का ऑफर, अदाणी की तैयारी
मुंबई- अडाणी ग्रुप ने मीडिया फर्म NDTV में 26% (1.67 करोड़ शेयर) एडिशनल पब्लिक हिस्सेदारी खरीदने के लिए प्रस्तावित ओपन ऑफर की नई तारीख घोषित कर दी है। न्यूज ब्रॉडकास्टर ने स्टॉक एक्सचेंजों (BSE-NSE) को एक फाइलिंग में इस बात की जानकारी दी है।
फाइलिंग के अनुसार, अडाणी ग्रुप का ओपन ऑफर अब 22 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 5 दिसंबर को बंद होगा। इससे पहले ओपन ऑफर के लिए अडाणी ग्रुप ने पिछली टाइमलाइन 17 अक्टूबर से 1 नवंबर तय की थी।
ओपन ऑफर के लिए 294 रुपए प्रति शेयर की कीमत तय की गई है। अगर 294 रु. की कीमत पर ये पूरी तरह सब्सक्राइब हो जाता है, तो अडाणी ग्रुप की NDTV में टोटल हिस्सेदारी 55% हो जाएगी। ये ओपन ऑफर 492.81 करोड़ रुपए का है।
23 अगस्त को अडाणी ग्रुप ने VCPL के अधिग्रहण के जरिए NDTV में 29.18% हिस्सेदारी हासिल की थी, जिसकी RRPR होल्डिंग में 99.99% हिस्सेदारी है। इसके बाद अडाणी ग्रुप की फर्मों – विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) ने AMG मीडिया नेटवर्क्स और अडाणी एंटरप्राइजेज के साथ ऐडिशनल 26% हासिल करने का प्रपोजल रखा है।
NDTV में 29.18% हिस्सेदारी हासिल करने की घोषणा के बाद, NDTV ने कहा था कि यह सौदा सेबी की अनुमति के बिना आगे नहीं बढ़ सकता। उनका कहना था कि 27 नवंबर 2020 को पारित एक आदेश में सेबी ने NDTV के फाउंडर – राधिका और प्रणय रॉय को 2 साल के लिए सिक्योरिटी मार्केट से बैन कर दिया था। यह बैन 26 नवंबर 2022 को खत्म होगा।
हालांकि, अडानी ग्रुप ने NDTV के इस दावे को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा प्रमोटर यूनिट RRPR होल्डिंग रेगुलेटर के उस आदेश का हिस्सा नहीं है, जिसमें फाउंडर प्रमोटर प्रणय और राधिका रॉय को सिक्योरिटी मार्केट में कारोबार से रोका गया है।