कतर एयरवेज करेगी 10 हजार लोगों की भर्ती , जानिए क्या है योजना
मुंबई- फुटबॉल वर्ल्ड कप इस बार खाड़ी देश कतर में हो रहा है। इस दौरान दुनियाभर से बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमियों के वहां पहुंचने की उम्मीद है। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को लाने ले जाने के लिए कतर एयरवेज ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी 10 हजार लोगों की भर्ती कर रही है। इसके लिए उसने हाल में भारत में भी भर्ती अभियान चलाया था।
भारत के साथ-साथ फिलीपींस और कई दूसरे देशों से भर्तियां की जा रही हैं। फुटबॉल वर्ल्ड कप 20 नवंबर से 18 दिसंबर तक कतर में आयोजित होगा। इसमें दुनियाभर की 32 टीमें हिस्सा लेंगी। कतर फीफा विश्व कप का मेजबानी करने वाला मिडल ईस्ट का पहला देश है।
एक रिपोर्ट में कतर एयरवेज के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया गया है कि अभी कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 45,000 है जो अब बढ़कर 55,000 हो जाएगी। कोविड महामारी का प्रकोप कम होने के बाद कंपनी पटरी पर लौट रही है। साथ ही विश्व कप की तैयारियां जोरों पर है। यही वजह है कि कंपनी ने कर्मचारियों की भर्ती शुरू की है। हालांकि कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि इनमें से कितने लोगों की नौकरी स्थाई होगी।
कोरोना काल में कतर एयरवेज का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ था। 2021 में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 37,000 से नीचे पहुंच गई थी। 2020 में जब कोरोना का कहर चरम पर था तो कंपनी केवल 33 शहरों में अपनी फ्लाइट्स ऑपरेट कर रही थी। इसके बाद से कंपनी ने अपने ऑपरेशन को बढ़ाया है और अभी वह 150 से अधिक शहरों को फ्लाइट्स ऑपरेट कर रही है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि हाल में फिलीपींस और भारत समेत कई देशों में भर्ती अभियान चलाया गया था।
अभी यह साफ नहीं है कि 20 नवंबर को जब विश्व कप शुरू होगा तो इसमें कितने नए स्टाफ को रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान कंपनी की अधिकांश फ्लाइट्स दोहा के लिए ऑपरेट की जाएंगी। इस दौरान दूसरी एयरलाइंस भी कतर के लिए फ्लाइट्स की संख्या बढ़ाएंगी। इसे देखते हुए देश में एक पुराने एयरपोर्ट को फिर से खोल दिया गया है। वर्ल्ड कप के दौरान 12 लाख लोगों के कतर आने की उम्मीद है। कतर एक छोटा देश है और इतनी बड़ी संख्या में मेहमानों के संभालना उसके लिए बड़ी चुनौती होगी। इससे देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर, हॉस्पिटैलिटी और सिक्योरिटी सेक्टर पर दबाव बढ़ सकता है।