भारत में आईफोन 14 बनाएगी एपल, घट सकती है कीमत
नई दिल्ली। एपल का नया आईफोन 14 भारत में बनेगा। कंपनी चीन के बाद दुनिया के दूसरे सबसे बड़े स्मार्टफोन बाजार पर दांव लगाने की योजना में है। इसने 2017 में भारत में आईफोन एसई के साथ आईफोन का निर्माण शुरू किया था। यह देश में अपने कुछ सबसे अच्छे फोन का निर्माण करती है जिसमें आईफोन 12, आईफोन 13 हैं।
इसी कड़ी में आईफोन 14 भी शामिल होगा। आईफोन 14 को इसी महीने कंपनी ने लॉन्च किया था। अगले कुछ दिनों में भारत में बना यह फोन ग्राहकों तक पहुंचना शुरू हो जाएगा। यहां बना फोन भारतीय बाजार और निर्यात दोनों के लिए होगा। इसे चेन्नई के श्रीपेरुंबदूर वाली फैक्टरी में बनाया जाएगा, जिसे फॉक्सकॉन बनाएगी।
कंपनी की योजना 2025 तक सभी एपल उत्पादों का लगभग 25 फीसदी हिस्सा चीन के बाहर बनाने का है। अभी यह 5 फीसदी है। कोविड के कारण कंपनी की यह योजना थोड़ी धीमी हो गई थी। ब्रोकरेज कंपनी जेपी मोॉर्गन के अनुसार भारत, थाईलैंड और वियतनाम कंपनी की रणनीति के लिए अच्छे स्थान हैं। स्मार्टफोन के लिए भारत एक तेजी से बढ़ता हुआ बाजार है और इलेक्ट्रॉनिक कंपनियां भारत को पसंदीदा बाजार के रूप में देख रही हैं।
कुछ दिन पहले ही टाटा समूह ने भारत में आईफोन को बनाने के लिए विस्ट्रॉन के साथ बातचीच की थी। अगर टाटा समूह और ताइवानी कंपनी के साथ यह बातचीत सफल होती है तो टाटा ऐसा पहला समूह होगा, जो आईफोन का निर्माण करेगा। वैसे भारत में 2017 से आईफोन असेंबल का काम हो रहा है। अभी तक विस्ट्रॉन और फॉक्सकॉन ही भारत में आईफोन बनाते रहे हैं।
इस महीने में आईफोन 14 को भारत में 79,900 रुपये से शुरू किया गया था। ऐसा माना जा रहा है कि चेन्नई में बनने से एपल आयात शुल्क में 20 फीसदी की बचत कर सकेगी। ऐसे में कंपनी इसका भाव भी घटा सकती है। हालांकि कंपनी की ओर से ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है।