मुकेश अंबानी से डेढ़ गुना ज्यादा है गौतम अदाणी की नेटवर्थ
मुंबई- एशिया के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी की दौलत इस साल रॉकेट की स्पीड से बढ़ी है। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में अब वह बहुत आगे निकल गए हैं। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की तुलना में गौतम अडानी की नेटवर्थ डेढ़ गुना हो चुकी है।
जानकारी के मुताबिक अडानी की नेटवर्थ 137 अरब डॉलर पहुंच चुकी है जबकि अंबानी की नेटवर्थ 92.7 अरब डॉलर रह गई है। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में अडानी चौथे और अंबानी 11वें नंबर पर हैं। इस साल अडानी की नेटवर्थ में 60.2 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है जबकि अंबानी की नेटवर्थ 2.75 अरब डॉलर बढ़ी है। दुनिया के टॉप 10 रईसों में अडानी को छोड़कर इस साल सबकी नेटवर्थ में गिरावट आई है।
शुक्रवार को शेयर बाजार में गिरावट आई। इसके बावजूद अडानी ग्रुप की अधिकांश कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। अडानी ग्रुप का शेयर 2.88 फीसदी तेजी के साथ 410.90 रुपये पर बंद हुआ। इस साल अडानी पावर के शेयरों में अब तक 318 फीसदी तेजी आ चुका है। अडानी ट्रांसमिशन में शुक्रवार को 1.17 फीसदी, अडानी ग्रीन एनर्जी में 5.10 फीसदी और अडानी पोर्ट्स में 4.61 फीसदी तेजी रही। इससे शुक्रवार को अडानी की नेटवर्थ में 14,786 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।
रिलायंस का शेयर हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन 1.77 फीसदी की गिरावट के साथ 2613.60 रुपये पर बंद हुआ। इससे अंबानी की नेटवर्थ में 1.81 अरब डॉलर की गिरावट आई और यह 92.7 अरब डॉलर रह गई है। अंबानी कभी भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस थे लेकिन अब अडानी ने उन्हें काफी पीछे छोड़ दिया है। दोनों की नेटवर्थ में 44.3 अरब डॉलर का फासला हो गया है।